शिमला। भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारियों को राज्य सरकार की योजनाओं और कार्यक्रमों का प्रभावी तरीके से प्रसार सुनिश्चित करना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग प्रदेश में आरम्भ की गई कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हो सकें। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने यह बात आज यहां ओक ओवर में भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारियों को सम्बोधित करते हुए कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार ने समाज के प्रत्येक वर्ग का सामाजिक-आर्थिक उत्थान सुनिश्चित करने के लिए अनेक योजनाएं आरम्भ की हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा को राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और कार्यक्रमों के प्रसार के लिए नवीनतम प्रौद्योगिकी और सोशल मीडिया का अधिक से अधिक उपयोग सुनिश्चित करना चाहिए।
जयराम ठाकुर ने प्रसन्नता व्यक्त की कि भारतीय जनता युवा मोर्चा के राज्य सचिव साकेश शर्मा को भारतीय जनता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य नामित किया गया है।भारतीय जनता युवा मोर्चा के राज्य अध्यक्ष अमित ठाकुर ने प्रदेश के युवाओं के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं आरम्भ करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। राज्य भारतीय जनता युवा मोर्चा के महासचिव अजय चौहान और अन्य पदाधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।
