शिमला। प्रदेश भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना व सह प्रभारी संजय टंडन ने सोमवार को यहां भाजपा जिला शिमला के पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित करगिल विजय दिवस के कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान अविनाश राय खन्ना, संजय टंडन समेत अन्य नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कारगिल शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
इस मौके पर अविनाश राय खन्ना ने कहा कि भारत कारगिल युद्ध के 22 साल पूरे होने पर देश के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले जवानों को याद कर रहा है। भारतीय सेना ने 22 साल पहले अपनी वीरता का परिचय देते हुए पाकिस्तानी सेना को धूल चटाई थी। उन्होंने कहा कि हमें द्रास और कारगिल मेमोरियल ज़रूर देखना चाहिए। देखना चाहिए कि किस प्रकार की कठिन परिस्थितियों में हमारे सैनिक काम करते हैं और इससे हमें प्रेरणा मिलती है।
खन्ना ने कहा कि पाकिस्तान और भारत के बीच हुए समझौते के तहत सर्दियों में दोनों देशों की सेनाएं चोटियों से नीचे आ जाएगी, लेकिन इस मौके का पाकिस्तान ने फायदा उठाया और कारगिल पर घुसपैठ की तैयारी की। उन्होंने कैप्टन विक्रम बत्रा के बलिदान को याद करते हुए कहा कि सबसे पहला जत्था विक्रम बत्रा की अध्यक्षता में युद्ध में उतरा था। उनके ज़ज़्बे को देश कभी भूला नहीं सकता। कारगिल की कई चट्टानों और पत्थरों पर उनका दिया गया नारा, दिल मांगे मोर गूंजता है। उन्होंने कहा कि हम सब को अपने शहीदों की शहादत को याद रखते हुए उससे प्रेरणा लेनी है।
कारगिल विजय दिवस पर कई सेवानिवृत्त सैनिकों और सेना के जवानों की विधवाओं को सम्मानित भी किया गया। बैठक में शिमला जिला भाजपा अध्यक्ष रवि मेहता, 2017 के प्रत्याशी प्रमोद शर्मा, प्यार सिंह, आशुतोष वैद्य, किरण बावा, ईश्वर रोहल, दिनेश शर्मा, ललित साहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
