नाहन। प्रदेश के सिरमौर जिला के शिलाई उपमंडल में टिम्बी-बकरास मार्ग पर एक बोलेरो केम्पर के खाई में गिरने से 9 व्यक्तियों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं तीन अन्य घायल हो गए। हादसे को तुरंत बाद ग्रामीणों ने तुरंत ही रेस्क्यू शुरू कर दिया था, लेकिन अधिकतर ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक चडेऊ से बारात भटेऊडी गई हुई थी, शाम करीब साढ़े पांच बजे बोलेरो केम्पर भटेऊडी से बारातियों को लेकर वापिस चढ़ेउ आ रही थी, इस बीच, टिब्बी से करीब चार किलोमीटर पीछे पशोग नामक जगह पर चालक ने नियंत्रण खो दिया और गाड़ी गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही शिलाई से थाना प्रभारी व एसडीएम घटनास्थल पर पहुंच गए। फिलहाल शवों की शिनाख्त नहीं हो पाई है, लेकिन बताया ये जा रहा है कि अधिकतर युवा ही इस वाहन में सफर कर रहे थे। पूरी घाटी में हादसे के बाद शोक की लहर है।
