????????????????????????????????????
Spread the love

शिमला। इस बार प्रदेश के बागवानों के पास सेब को बेचने का एक और विकल्प दिया जा रहा है। इस बार बागवान पेटियों के साथ-साथ खुली क्रेट में भी सेब बेच पाएंगे। इस संबंध में मार्केटिंग बोर्ड ने सोमवार को यहां ट्रेडर्स तथा ग्रोवर के साथ बैठक की। इसमें इस बात पर सहमति बनी कि ट्रायल के तौर पर इसे इस बार शुरू कर दिया जाए। फिलहाल सोलन, पराला, परवाणू, मेंहदली और अणु मंडी में क्रेट में सेब को बेचने की योजना है। इन मंडियों में बागवान अपनी सुविधानुसार कार्टन और क्रेट में सेब बेच सकेंगे। 

मार्केटिंग बोर्ड के अध्यक्ष बलदेव भंडारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में कहा गया कि कार्टन की जगह क्रेट में सेब भरने से पैकिंग पर प्रति किलो छह रुपए तक आने वाली लागत कम होकर दो रुपए रह जाएगी। उन्होंने बताया कि क्रेट की उपलब्धता कैसे सुनिश्चित की जाए, इसे जल्द तय कर लिया जाएगा। इसके लिए क्रेट बनाने वाली कुछ कंपनियां शिमला बुलाई गई हैं। इनसे चर्चा के बाद क्रेट की खरीद और भाव को लेकर फैसला होगा।

भंडारी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सेब एक मुख्य फसल है। आज के दौर में अधिकतर सेब का विपणन गत्तों की पेटियों में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गत्तों की पेटियों की दर में काफी वृद्धि हुई है। इसी दृष्टि से आज यह बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी दिनों में सेब की फसल को ट्रायल के रूप में सेब का विपणन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बागवान तथा आढ़ती अपनी सेब की फसल को पेटियों के साथ-साथ क्रेट में भी मण्डियों में ला सकता है। उन्होंने बताया कि क्रेट में सेब बेचने से किसानों को प्रति किलो के हिसाब से उसका दाम प्राप्त होगा। प्रदेश में क्रेट की उपलब्धता के लिए निर्माता कम्पनियों के साथ बातचीत कर इसका हल निकाला जाएगा।

बलदेव भंडारी ने बताया कि किसी नए काम को शुरू करने पर बहुत सारी समस्याएं सामने आती है, जिसका सभी के सहयोग से ही समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर आज विपणन बोर्ड की वेबसाईट भी लांच की गई, जिसके माध्यम से घर बैठे विपणन बोर्ड से संबंधित हर प्रकार की सुविधा प्रदान की जाएगी। इसमें ट्रेडर्स घर बैठे ही अपना लाइसेंस बना सकते हैं। इस अवसर पर अध्यक्ष एपीएमसी शिमला-किन्नौर नरेश शर्मा, प्रबंध निदेशक राज्य कृषि विपणन बोर्ड नरेश ठाकुर, निदेशक बागवानी जेपी शर्मा, महाप्रबंधक एचपीएमसी भुवन शर्मा, सोलन व शिमला के किसान, बागवान व आढ़ती संग के पदाधिकारी व प्रतिनिधि उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *