शिमला। ऊना जिले के 18 लोग पिछले 40 दिनों से देशव्यापी लॉक डाउन की वजह से फंसे पड़े हैं। ये लोग मार्च महीने में अपने किसी रिश्तेदार की शादी में वहां गए थे, इसी दौरान लॉक डाउन की वजह से अब तक अपने घर ऊना नहीं पहुंच पा रहे हैं। प्रशासन और प्रदेश सरकार से कई बार गुहार लगाने के बावजूद इनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। पश्चिम बंगाल कांग्रेस नेताओं ने इन लोगों की दास्तां प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भेज कर यह मामला सरकार के समक्ष रखने का आग्रह किया है।
प्रदेश कांग्रेस आपदा सैल के प्रभारी हरि कृष्ण हिमराल ने आज यहां कहा कि उन्होंने यह मामला नोडल अधिकारी के समक्ष रखते हुए इनको वापस लाने का भरोसा दिया है। हिमराल ने बताया कि जब तक प्रदेश सरकार की ओर से कोई अनुमति पत्र उन्हें नहीं जाता तब तक उन लोगों का वहां से निकल पाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने कहा कि इन लोगों के आर्थिक हालात भी ऐसे नहीं है कि वे अब ज्यादा दिनों तक वहां रह सकें। हिमराल ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से आग्रह किया कि वह पश्चिम बंगाल सरकार को इन लोगों की सहायता का आग्रह करें व इन्हें प्रदेश में इनके घर ऊना लाने की कोई व्यवस्था की जाए।
