शिमला। हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों के शिक्षक अब कोरोना संक्रमण के बचाव के लिए जारी वैक्सीनेशन अभियान और होम आइसोलेशन में रह रहे लोगों की पूछताछ में अपनी सेवाएं देंगे। इस संबंध में शिक्षा सचिव ने उच्चतर शिक्षा और प्रारंभिक शिक्षा निदेशकों के साथ-साथ समग्र शिक्षा अभियान के राज्य परियोजना निदेशक को पत्र जारी किया है। इस पत्र में स्पष्ट किया गया है कि शिक्षण संस्थानों के बंद होने के चलते सरकार ने शिक्षा विभाग के कर्मचारियों और शिक्षकों की ड्यूटी वैक्सीनेशन और होम आइसोलेशन के कार्यों में लगाने का फैसला लिया है। शिक्षा निदेशकों को सभी शिक्षकों तक इन आदेशों की जानकारी पहुंचाने को कहा गया है।
