Spread the love

शिमला। शिमला जिला कांग्रेस (शहरी) अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी ने प्रदेश भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने और भ्रष्टाचारियों को सरंक्षण देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश भाजपा सरकार आरटीआई में भी गलत और झूठी सूचनाएं दे रही है।

जितेंद्र चौधरी ने वीरवार को यहां प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि शिमला नगर निगम में भाजपा के मनोनीत पार्षद ने झूठा शपथपत्र देकर एक ओर जहां हमारी न्याय व्यवस्था की अवमानना की है, वहीं दूसरी तरफ सरकार उसे अपना पूरा राजनैतिक सरंक्षण दिए हुए है। उन्होंने कहा कि इससे सरकार का दोगलापन साफ नज़र आता है।

चौधरी ने कहा कि भाजपा पार्षद संजीव सूद को सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे व झूठा शपथ पत्र देने का दोषी पाए जाने के बावजूद उसे पद मुक्त न करना व कोई भी कार्रवाई अमल में न लाना साफ ईंगित करता है कि भाजपा का अपने लोगों पर कानून का दोहरा मापदंड है। उन्होंने कहा कि शहरी विकास विभाग के निदेशक ने उक्त पार्षद पर लगे आरोपों की जांच के बाद दोषी करार देते हुए सरकार की उसे पदमुक्त करने की सिफारिश की थी, लेकिन आज चार महीने से अधिक समय से इस सिफारिश को दबाया गया है।

जितेंद्र चौधरी ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर सरकार ने आगामी 10 दिनों के भीतर उक्त भाजपा पार्षद पर आदेश लागू नहीं किया और उसके खिलाफ अगर कोई कार्रवाई नहीं की तो कांग्रेस उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएगी। उन्होंने कहा कि निदेशक शहरी विकास विभाग ने उक्त भाजपा पार्षद को अयोग्य घोषित किया है, जबकि भाजपा के दबाव में सरकार इन आदेशों को लागू नहीं कर रही है। इस दौरान राकेश कुमार, जिन्होंने इस सारे मामले की आरटीआई लेकर उक्त भाजपा पार्षद की शिकायत सरकार से की थी, ने प्रेसवार्ता में इससे संबंधित पूरे दस्तावेज प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि जब निदेशक शहरी विकास विभाग ने अपनी जांच में साफ कर दिया है कि उक्त पार्षद दोषी पाया गया है और उसे अयोग्य करार दिया जाता है, बावजूद इसके सरकार इसे आज चार माह बाद भी नहीं हटा सकी है। उन्होंने कहा कि उक्त भाजपा पार्षद अयोग्य घोषित होने के बाद अभी तक अपना सरकारी कार्यालय और भत्ता प्राप्त कर रहा है, जो नियमों के बिल्कुल विपरीत  और  भ्रष्टाचार की श्रेणी में आता है। उन्होंने कहा कि वह आरटीआई में गलत सूचना देने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी न्यायालय में जा रहे हैं। प्रेसवार्ता में पूर्व विधायक आदर्श सूद, कांग्रेस सचिव वेद प्रकाश ठाकुर, नीरज बक्शी भी उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *