Spread the love
शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का ग्राफ जिस प्रकार से चढ़ा था उसी प्रकार से गिरता चला जा रहा है। अगर इसकी तुलना बाजार के सेंसेक्स से की जाए तो जब सुक्खू मुख्यमंत्री बने थे तो सेंसेक्स तेजी से चढ़ा, पर अब नीचे की दिशा में तेजी से गिरता दिखाई दे रहा है।
कश्यप ने कहा कि जब कांग्रेस के नेता आए थे तो उन्होंने जनता के बीच जो वादे किए थे उन्हें पूरा करने का पूरा आश्वासन दिया था, लेकिन हैरानी की बात तो यह है कि अभी तक उनका मंत्रिमंडल भी तय नहीं हो पाया है। यह सब दर्शाता है कि कांग्रेस का नेतृत्व कितना लाचार है। अपने ही विधायकों के एकीकरण में कांग्रेस के नेता अपना समय व्यतीत कर रहे हैं और मंत्रिमंडल का फैसला अभी तक हो नहीं पाया है। ऐसे में जनता से किए गए वादे तो तब पूरे होंगे जब मंत्रिमंडल का गठन होगा।
कश्यप ने कहा कि कांग्रेस सरकार का हाई टेंपो अब लो टेंपो बनता दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि गौर से देखा जाए तो अभी भी कांग्रेस के अंदर कई ग्रुप है जो अपने लोगों को एडजेस्ट करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता मंत्रिमंडल का इंतजार कर रही है और अभी मंत्रिमंडल का गठन होता दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने कार्यकाल में जो भी काम किए थे, वह जनहित के थे। इसलिए कांग्रेस की सरकार एक भी निर्णय को पलट नहीं पाई है।
कश्यप ने कहा कि हिमाचल में सीमेंट फैक्ट्री बंद होने से इन लोगों की रोजी-रोटी पर आन पड़ी है, लेकिन कांग्रेस के नेताओं को भारत जोड़ो यात्रा में अपने नंबर बनाने की लगी है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में एसीसी और अंबुजा सीमेंट प्लांट का विवाद चल रहा है, जिससे 2000 लोगों की नौकरियां पर संकट है और 4000 से अधिक ट्रकों के चक्का जाम हो गए हैं, पर इससे कांग्रेस के नेताओं को कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और उनके विधायक केवल दिल्ली और राजस्थान से इस मुद्दे को लेकर बयानबाजी कर रहे हैं, लेकिन हमारे विधायक तो धरातल पर इस समस्या का समाधान करने का प्रयास कर रहे हैं।
कश्यप ने कहा कि राहुल गांधी ने देशभर में भारत जोड़ो यात्रा नहीं अपितु भारत तोड़ो यात्रा चलाई हुई है और इसी से प्रशिक्षण लेते हुए कांग्रेस के नेता हिमाचल में वापस आते ही हिमाचल तोड़ो यात्रा निकाल सकते हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *