शिमला। हिमाचल प्रदेश के भाजपा सह प्रभारी संजय टंडन ने कहा कि आज के राजनीतिक परिप्रेक्ष्य में आईटी एवं सोशल मीडिया का एक बहुत महत्वपूर्ण स्थान है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता सोशल मीडिया के माध्यम से खुद का एक दृष्टिकोण जनता के समक्ष रख सकता है। उन्होंने कहा कि पदाधिकारियों की बैठक में सोशल मीडिया का कंट्रोल चार्ट सामने रखा गया। इसमें उनका सोशल मीडिया में योगदान क्या है, उसके बारे में बताया गया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया से पार्टी को बड़ा फायदा होता है।
टंडन ने कहा कि आने वाले समय में नगर निगम चुनावों में आईटी एवं सोशल मीडिया का बड़ा योगदान रहने वाला है। सोशल मीडिया के माध्यम से सभी कार्यकर्ता घर-घर तक सूचना पहुंचा सकते हैं। घर बैठकर वर्चुअल माध्यम से कहीं भी जुड़ सकते हैं, इसके लिए किसी स्थान की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों को भी जनता के समक्ष इस माध्यम से पहुंचा सकते हैं। उनका कहना था कि आने वाले समय में सभी कार्यकर्ता, आईटी एवं सोशल मीडिया का अच्छा उपयोग कर जनता के बीच भाजपा की बात पहुंचाएंगे और इसका बड़ा फायदा पार्टी को होगा।
