Spread the love

26 और 27 अक्टूबर को नई दिल्ली में होगा अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, हिमाचल विधानसभा अध्यक्ष भी देंगे उद्बोधन 

शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया 26 और 27 अक्टूबर, 2026 को नई दिल्ली स्थित संसद भवन में आयोजित होने वाले 12वें ब्रिक्स संसदीय मंच में भाग लेंगे। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उन्हें इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में शामिल होने के लिए विशेष रूप से आमंत्रित किया है। पठानियां 25 अक्तूबर को शिमला से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

भारत की संसद की मेजबानी में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन का केंद्रीय विषय ‘ऐसी संसदों को मजबूत करना, जो विकास के केंद्र में व्यक्ति, समाज और उनकी वास्तविक जरूरतों को रखें’ है। सम्मेलन में ब्रिक्स के 11 सदस्य देशों और 10 साझेदार देशों की संसदों के पीठासीन अधिकारी तथा संसदीय प्रतिनिधिमंडल भाग लेंगे।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे और सम्मेलन को संबोधित करेंगे। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सम्मेलन की अध्यक्षता करेंगे। हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां भी इस अवसर पर अपना उद्बोधन देंगे।

सम्मेलन में बदलती वैश्विक परिस्थितियों के बीच संसदों की भूमिका और उनकी प्रभावशीलता को मजबूत करने पर चर्चा होगी। इसके साथ ही कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और डिजिटल तकनीकों को मानव-केंद्रित बनाने, वैश्विक शासन व्यवस्था को अधिक प्रतिनिधित्वपूर्ण बनाने तथा सतत एवं समावेशी विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

इस मंच का उद्देश्य विभिन्न देशों की संसदों के बीच संवाद और सहयोग को बढ़ावा देना तथा विकास की नीतियों में आम नागरिकों की जरूरतों को प्राथमिकता देने के तरीकों पर चर्चा करना है। सम्मेलन में संसदीय संस्थाओं की बदलती भूमिका, तकनीकी विकास और वैश्विक चुनौतियों के संदर्भ में लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी बनाने पर भी विचार साझा किए जाएंगे।

कुलदीप सिंह पठानियां की इस सम्मेलन में भागीदारी हिमाचल प्रदेश विधानसभा को अंतरराष्ट्रीय संसदीय संवाद के मंच पर प्रतिनिधित्व प्रदान करेगी। सम्मेलन के दौरान विभिन्न देशों के संसदीय प्रतिनिधिमंडल साझा चुनौतियों और विकास से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखेंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed