Spread the love

बेरोजगारी, नशा, बिजली और सड़कों की समस्याओं को बनाएंगे प्रमुख मुद्दा, प्रदेश में 10 से 20 हजार सदस्य जोड़ने का लक्ष्य

शिमला‌। लोक जनशक्ति पार्टी हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में उतरेगी। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष नितिन चौहान ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि पार्टी ने आगामी चुनाव की तैयारियां शुरू कर दी हैं। उन्होंने बताया कि पुरानी प्रदेश कार्यकारिणी को भंग कर नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। नई कार्यकारिणी की सूची पार्टी के प्रदेश प्रभारी वीरेंद्र भदौरिया को सौंप दी गई है। अब इस पर अंतिम निर्णय दिल्ली में पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व लेगा। अंतिम मंजूरी मिलने के बाद नई   कार्यकारिणी की सूची सार्वजनिक की जाएगी। 

नितिन चौहान ने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी वर्ष 2027 में हिमाचल प्रदेश की विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। हालांकि, पार्टी कितनी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी, इसका फैसला केंद्रीय नेतृत्व करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोक जनशक्ति पार्टी का भाजपा के साथ गठबंधन है और सीटों के बंटवारे को लेकर अंतिम निर्णय केंद्र स्तर पर ही लिया जाएगा। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के नेतृत्व में इस संबंध में फैसला होगा।

बेरोजगारी और नशा होंगे प्रमुख मुद्दे 

प्रदेश के मौजूदा हालात पर बात करते हुए नितिन चौहान ने कहा कि हिमाचल में बेरोजगारी सबसे बड़ी समस्याओं में से एक है। प्रदेश के युवा रोजगार के अवसरों की कमी के कारण परेशान हैं। इसके अलावा किसानों, मजदूरों और महिलाओं को भी कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली और सड़कों से जुड़ी समस्याएं भी जनता के लिए चिंता का विषय हैं। प्रदेश में बढ़ते नशे के प्रचलन पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी इन सभी मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। 

उन्होंने कहा कि लोक जनशक्ति पार्टी का प्रयास रहेगा कि केंद्र सरकार के सहयोग से हिमाचल प्रदेश में अधिक से अधिक संस्थान और रोजगार उपलब्ध करवाने वाली परियोजनाएं लाई जाएं, ताकि प्रदेश के युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। पार्टी का विशेष ध्यान युवाओं को रोजगार से जोड़ने और नशे की समस्या से निपटने पर रहेगा। इसके साथ ही किसानों, मजदूरों और महिलाओं से जुड़े मुद्दों को भी प्राथमिकता दी जाएगी।

अभी तक 1,000 से 1,200 सदस्य जुड़े, 20 हजार तक पहुंचने का लक्ष्य 

नितिन चौहान ने बताया कि प्रदेश में पार्टी का सदस्यता अभियान जारी है और अब तक लगभग 1,000 से 1,200 सदस्य पार्टी के साथ जुड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पार्टी का लक्ष्य 10 हजार से 20 हजार तक नए सदस्य जोड़ने का है। इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पार्टी की कार्यकारिणी से जुड़े लोग सक्रिय रूप से सदस्यता अभियान चला रहे हैं और नए लोग लगातार संगठन के साथ जुड़ रहे हैं। पार्टी को उम्मीद है कि आने वाले समय में सदस्यता का आंकड़ा और बढ़ेगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed