Spread the love

एच.पी.एम.सी. संयंत्र परवाणू व सेब मण्डी सोलन का किया निरीक्षण

सोलन। राजस्व, बागवानी एवं जनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि प्रदेश सरकार बागवानों को उनके उत्पादों के सही दाम दिलवाने और उनकी आय में आशातीत वृद्धि करने के लिए प्रतिबद्ध है। वे शनिवार को सोलन ज़िला के परवाणू में हिमाचल प्रदेश बागवानी उत्पाद विपणन एवं प्रसंस्करण निगम (एच.पी.एम.सी.) संयंत्र का निरीक्षण करने के उपरांत अधिकारियों को उचित निर्देश दिए।

जगत सिंह नेगी ने इससे पूर्व सोलन स्थित सेब मण्डी का निरीक्षण भी किया और अधिकारियों को उचित दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश बागवानी प्रधान राज्य है। बागवानों की आजीविका और आय के साधन बढ़ाने के लिए प्रदेश सरकार हर सम्भव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बागवानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।

बागवानी मंत्री ने कहा कि बागवानी विकास परियोजना के अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों जैसे सोलन, पराला, मतियाणा व शिलारू में फल मंडियों का निर्माण किया गया है ताकि बागवानों को उनके उत्पादों के उचित दाम मिल सके। उन्होंने बागवानों से आग्रह किया कि अपने फलों का विक्रय हिमाचल की मंडियों में करें।

जगत सिंह नेगी ने कहा कि अभी तक हिमाचल प्रदेश की विभिन्न फल मंडियों में सेब के 45 लाख बाक्स पहुंच चुके है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष 02 करोड़ सेब के बाक्स मंडियों तक पहुंचने की सम्भावना है।

बागवानी मंत्री ने कहा कि विभाग गुणवत्ता दवाइयां बनाने वाले छोटे उद्योगों से सम्पर्क कर रहा है। इन उद्योगों की दवाइयों को बिक्रय केन्द्रों के माध्यम से बागवानों तक कम दामों में पहुंचाने के लिए कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे जहां बागवानों को कम दामों में बेहतर गुणवत्ता की दवाइयां उपलब्ध होंगी वहीं उनकी आय में बढ़ौतरी भी होगी।

राजस्व मंत्री ने कहा कि मण्डी मध्यस्था योजना (एम.आई.एस.) को और मज़बूत बनाने के लिए विभाग द्वारा एक ऐप तैयार की गई है। ऐप के माध्यम से बागवान अपना पंजीकरण कर सकते है और सरकार समर्थित मूल्य सहायता प्रणाली का लाभ ले सकते है।

जगत सिंह नेगी ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेब मंडियों में आढ़तियों के लाईसेंस को प्रदर्शित करवाना सुनिश्चित करें ताकि बागवान किसी भी प्रकार के धोखाधड़ी से बच सके।

उन्होंने कहा कि बागवानों की मांग के अनुरूप राज्य सरकार ने सेब की पैकिंग के लिए यूनिवर्सल कार्टन का उपयोग करने की पहल की, जिससे राज्य के बागवानों को सेब विपणन में सुविधा और अच्छे दाम मिले हैं। उन्होंने इस अवसर पर यूनिवर्सल कार्टल की उपलब्धतता का भी निरीक्षण किया और अधिकारियों को उचित निर्देश दिए। 

इस अवसर पर नायब तहसीलदार परवाणू शकुंतला पटियाल, एच.पी.एम.सी. की सहायक लेखा अधिकारी मोनिका कश्यप, ए.टी.ओ. अंकिता सूद, तकनीकी सलाहकार  जय पाल चौहान सहित संयंत्र के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *