Spread the love

यदि जेल भेजना है तो भेज दें, भाजपा कार्यकर्ता जनता के अधिकारों की लड़ाई से पीछे नहीं हटेंगे : सुधीर शर्मा

शिमला। भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने कांग्रेस सरकार के खिलाफ आयोजित जन आंदोलन के दौरान कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेता और कार्यकर्ता जेल जाने से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री को लगता है कि झूठे मुकदमे दर्ज कर या जेल भेजकर भाजपा की आवाज़ दबाई जा सकती है, तो यह उनकी सबसे बड़ी भूल है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के अधिकारों और प्रदेश हित की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ता रहेगा।

सुधीर शर्मा ने कहा कि प्रदेश में सरकार जनहित के मुद्दों को पूरी तरह भुलाकर केवल प्रतिशोध की राजनीति में लगी हुई है। मुख्यमंत्री राजनीतिक विरोधियों पर झूठे मामले दर्ज करवाकर लोकतांत्रिक आवाज़ को दबाने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि प्रदेश बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था और विकास जैसे गंभीर मुद्दों से जूझ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा द्वारा कांग्रेस सरकार के कथित भ्रष्टाचार और जनविरोधी कार्यों को उजागर किए जाने तथा तैयार की जा रही चार्जशीट से सरकार घबरा गई है। इसी डर के कारण भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ एक के बाद एक झूठे मुकदमे दर्ज किए जा रहे हैं।

सुधीर शर्मा ने कहा, “अगर सरकार में दम है तो हमें जेल भेज दे, लेकिन भाजपा न तो डरने वाली है और न ही झुकने वाली है। हम प्रदेश हित और जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच लगातार संघर्ष करते रहेंगे।” उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं, बल्कि लोकतंत्र की रक्षा, जनता की आवाज़ बुलंद करने और कांग्रेस सरकार की प्रतिशोध की राजनीति के खिलाफ है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *