शिमला। हिमाचल प्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड (एचपीएसएएमबी) का गैर-सरकारी सदस्य नियुक्त किए जाने पर अक्षय नैंटा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू सहित समस्त वरिष्ठ नेताओं एवं कांग्रेस आलाकमान का हार्दिक आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि वे संगठन और सरकार की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरा उतरने के लिए सदैव समर्पित रहेंगे।
अक्षय नैंटा ने कहा कि पार्टी नेतृत्व और राज्य सरकार ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसके लिए वे सदैव कृतज्ञ रहेंगे। उन्होंने कहा कि यह नियुक्ति उनके लिए केवल सम्मान नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी भी है, जिसका निर्वहन वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के किसानों और बागवानों के हितों की रक्षा, कृषि एवं बागवानी उत्पादों के बेहतर विपणन, आधुनिक विपणन सुविधाओं के विस्तार तथा कृषि क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाने के लिए वे बोर्ड के माध्यम से सक्रिय एवं प्रभावी भूमिका निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि किसानों और बागवानों की समस्याओं के समाधान तथा उनकी आय बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य करेंगे।
अक्षय नैंटा ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व द्वारा दिए गए इस महत्वपूर्ण दायित्व पर वे पूरी मेहनत, ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। साथ ही लोकप्रिय मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू द्वारा शुरू की गई प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकासात्मक नीतियों को आमजन तक पहुंचाने में भी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
