कोटखाई। शिमला जिले की कोटखाई तहसील की ग्राम पंचायत पराली बदरूनी की नव-निर्वाचित प्रधान रमा सुदेईक ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी का दामन छोड़ कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। उन्होंने प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर की जनहितैषी कार्यशैली तथा जुब्बल-नावर-कोटखाई क्षेत्र में हो रहे निरंतर विकास कार्यों से प्रभावित होकर कांग्रेस में शामिल होने का निर्णय लिया।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जुब्बल-नावर-कोटखाई के अध्यक्ष जितेन्द्र मेहता ने रमा सुदेईक का कांग्रेस पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी में उन्हें पूरा मान-सम्मान दिया जाएगा तथा संगठन को मजबूत बनाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की जनकल्याणकारी नीतियों और क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर विभिन्न वर्गों के लोग लगातार पार्टी से जुड़ रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी श्रीमती रमा सुदेईक के कांग्रेस परिवार में शामिल होने पर उनका स्वागत और अभिनंदन किया।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जुब्बल-नावर-कोटखाई की ओर से रमा सुदेईक को कांग्रेस परिवार में शामिल होने पर हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।
