Spread the love

शिमला। सेजिस (SAGES) द्वारा स्कूली बच्चों के लिए आयोजित वार्षिक पुष्प मेला मंगलवार को गेयटी थिएटर के रिहर्सल हॉल में उत्साह और उमंग के साथ शुरू हुआ। इस भव्य आयोजन में शहर के सात प्रतिष्ठित विद्यालयों ने भाग लेकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इनमें लॉरिएट पब्लिक स्कूल, मोनाल पब्लिक स्कूल, कॉन्वेंट ऑफ जीसस एंड मैरी, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय अनाडेल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मेहली, स्वर्ण पब्लिक स्कूल टूटीकंडी तथा सेंट एडवर्ड स्कूल शामिल रहे।

पुष्प मेले के तहत बच्चों के लिए विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें फ्लावर अरेंजमेंट, ऑन-द-स्पॉट पेंटिंग, फूलों की प्रजातियों की पहचान, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट तथा ‘नेचर थीम- मेरा शिमला, मेरा अभिमान’ एवं ‘स्वच्छ पहाड़, शिमला 2030’ विषय पर पेंटिंग प्रतियोगिताएं प्रमुख रहीं।

सेजिस की प्रेस सचिव माला सिंह ने बताया कि प्रतिभागियों ने अपनी कल्पनाशीलता, कलात्मक प्रतिभा और पर्यावरण के प्रति जागरूकता का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दर्शकों और निर्णायकों को प्रभावित किया। प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन डॉ. अनिल ठाकुर और सिमी कौशिक ने निष्पक्ष एवं सूक्ष्मता के साथ किया। उन्होंने कहा कि आयोजन की सफलता में पुष्प मेला कार्यकारिणी के सदस्यों के समर्पण, मेहनत और टीम भावना की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागी बच्चों को रिफ्रेशमेंट भी उपलब्ध करवाए गए, जिससे उनका उत्साह और बढ़ गया।

माला सिंह ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रमों का मुख्य उद्देश्य बच्चों में प्रकृति और पर्यावरण के प्रति प्रेम, संवेदनशीलता तथा जागरूकता विकसित करना है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से बच्चों को प्रकृति संरक्षण के महत्व से अवगत कराया जाता है और उन्हें पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया जाता है।

यह आकर्षक पुष्प प्रदर्शनी आगामी दो दिनों तक आम जनता के लिए प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक खुली रहेगी। शहरवासी और पर्यटक यहां पहुंचकर बच्चों की रचनात्मक प्रस्तुतियों और सुंदर पुष्प सज्जा का आनंद ले सकेंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *