Spread the love

शिमला। हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री, मुकेश अग्निहोत्री ने शिमला के घोड़ा चौकी के समीप एचआरटीसी की वोल्वो बस के चालक के साथ हुई मारपीट की घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस मामले को अत्यंत गंभीरता से ले रही है तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। 

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि हिमाचल प्रदेश अपनी समृद्ध संस्कृति, सभ्यता और अतिथि सत्कार के लिए पूरे देश में विशेष पहचान रखता है। ऐसे में इस प्रकार की अमानवीय और असामाजिक घटनाएं प्रदेश की छवि को धूमिल करने का प्रयास हैं, जिन्हें किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

उन्होंने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। साथ ही पुलिस और एचआरटीसी के संबंधित अधिकारियों को निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि एचआरटीसी के चालक और परिचालक दिन-रात कठिन परिस्थितियों में प्रदेश की जनता को बेहतर परिवहन सेवाएं उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों तक लोगों को सुरक्षित पहुंचाने में उनका योगदान सराहनीय है। ऐसे कर्मठ कर्मचारियों के सम्मान, सुरक्षा और गरिमा के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार एचआरटीसी कर्मचारियों की सुरक्षा और हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *