Spread the love

विनय कुमार का आरोप – केंद्र सरकार ने दी तेल कंपनियों को कथित लूट की खुली छूट 

शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस सोमवार को राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में पेट्रोल और डीजल के बढ़ते मूल्यों के विरोध में केंद्र की भाजपा नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ धरना प्रदर्शन करेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने सभी जिला अध्यक्षों से इस धरना प्रदर्शन में पार्टी के नेताओं, पदाधिकारियों, अग्रणी संगठनों व विभागों के कार्यकर्ताओं की उपस्थिति सुनिश्चित करते हुए बढ़ती महंगाई के विरुद्ध एकजुट होकर आगे आने को कहा है। 

विनय कुमार ने तेल कंपनियों द्वारा हर रोज बढ़ाए जा रहे पेट्रोल व डीजल के मूल्यों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसा लगता है कि केंद्र की मोदी सरकार ने तेल कम्पनियों को देश के लोगों को लूटने की खुली छूट दे दी है। उन्होंने कहा कि तेल के बढ़ते मूल्यों से देश हर रोज महंगाई की दलदल में फंसता जा रहा है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल के बढ़ते मूल्यों से आवश्यक वस्तुओं के दाम भी आसमान छूने लगे हैं।

विनय कुमार ने कहा कि भाजपा तेल के बढ़ते दामों पर पूरी तरह खामोश बैठी है। उन्होंने इलके लिए भाजपा की आलोचना की। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल राजनीति कर लोगों की भावनाओं से खेलती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ लोगों के साथ खड़ी है और किसी भी आंदोलन से पीछे हटने वाली नहीं। 

नगर निकाय चुनावों के परिणामों से भाजपा नेता हताशा में 

 विनय कुमार ने प्रदेश भाजपा नेताओं को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि नगर निकायों के चुनाव परिणामों से भाजपा हताशा में है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा विघटन की ओर तेजी से बढ़ रही है। विनय कुमार ने दावा किया कि पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में भी कांग्रेस अपनी जीत का परचम लहरायेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा ही झूठ बोल कर लोगों को गुमराह करने का प्रयास करती रही है पर अब वह इसमें सफल नहीं होगी। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *