Spread the love

शिमला। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने केंद्र सरकार और भाजपा पर लोकतंत्र को कमजोर करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मंगलवार को शिमला में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि आज देश का लोकतंत्र खतरे में है और सत्ता पक्ष का ध्यान केवल सरकार बनाने और गिराने की राजनीति तक सीमित रह गया है। 

राठौर ने आरोप लगाया कि हर चुनाव से पहले केंद्र सरकार विरोधियों पर दबाव बनाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग का इस्तेमाल करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ जो भी आवाज उठाता है, उसे विभिन्न तरीकों से निशाना बनाया जाता है। उन्होंने कहा कि हाल ही में पांच राज्यों के चुनावों में भी ऐसा देखने को मिला, खासकर पश्चिम बंगाल में यह प्रक्रिया पहले से ही जारी थी। 

राठौर ने कहा कि एस.आई.आर. का विरोध सभी विपक्षी दलों ने किया था और पश्चिम बंगाल में लगभग 25 लाख वोट काटे गए, जो भाजपा की जीत का बड़ा कारण बना। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग की भूमिका निष्पक्ष नहीं दिखती और वह भाजपा के पक्ष में काम करता नजर आता है। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पहले ही इस मुद्दे को तथ्यों के साथ उठाया था, लेकिन भाजपा और निर्वाचन आयोग दोनों इस पर चुप्पी साधे हुए हैं। 

राठौर ने कहा कि लोकतंत्र में कौन वोट देगा, यह भी भाजपा तय कर रही है। जो वोट उनके पक्ष में हैं, उन्हें जोड़ा जा रहा है और जो नहीं हैं, उन्हें हटाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रवक्ता खुले तौर पर निर्वाचन आयोग का बचाव कर रहे हैं, जिससे उसकी निष्पक्षता पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि अगर यही स्थिति रही तो आने वाले चुनावों की पारदर्शिता पर गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा।

चुनाव के बाद महंगाई बढ़ने का दावा

कुलदीप राठौर ने यह भी दावा किया कि चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है। उन्होंने कहा कि भाजपा का फोकस सिर्फ चुनाव जीतने पर है, आम जनता की समस्याओं से उसका कोई सरोकार नहीं है।

भाजपा के सहयोगी भी सुरक्षित नहीं 

राठौर ने आरोप  लगाया कि भाजपा के साथ गठबंधन में रहने वाले नेता भी सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए नीतीश कुमार का जिक्र किया और कहा कि बिहार में पहले साथ मिलकर सरकार बनाई गई, फिर रणनीति के तहत उन्हें हटाया गया। इसी तरह महाराष्ट्र में शिवसेना को तोड़कर सत्ता हासिल की गई। उन्होंने यह भी कहा कि अब भाजपा की नजर पंजाब पर है।

राष्ट्रभक्ति केवल भाषणों तक सीमित 

राठौर ने कहा कि भाजपा सिर्फ राष्ट्रभक्ति के प्रवचन देती है, लेकिन जब देश की अस्मिता पर सवाल उठते हैं, तो वह चुप रहती है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। राठौर ने कहा कि अमेरिक के राष्ट्रपति हमारे प्रधानमंत्री को छोटा साबित करने का प्रयास करते हैं। भारत को नरक तक की संज्ञा देते हैं, लेकिन ये जबान नहीं खोलते हैं।  

केरल में मुद्दों पर होता है चुनाव 

राठौर ने केरल का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां चुनाव सांप्रदायिक या जातिगत ध्रुवीकरण पर नहीं, बल्कि मुद्दों पर लड़े जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने वहां बड़ी जीत दर्ज की है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *