Spread the love

बर्फबारी से शिमला समेत कई इलाकों में बिजली गुल, ऊपरी शिमला अंधेरे में 

बर्फबारी से चार एनएच समेत 535 सड़कें बाधित शिमला।‌ हिमाचल प्रदेश में करीब तीन माह से चल रहा ड्राई स्पैल टूटा है। सूखे जैसे हालात झेल रहे हिमाचल पर कुदरत मेहरबान हुई और आसमान से राहत बरसी है। प्रदेशभर में बीती मध्यरात्रि से बारिश और बर्फबारी हो रही है। प्रदेश के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी और निचले व मैदानी क्षेत्रों में बारिश से किसानों और बागवानों ने राहत की सांस ली है। क्योंकि लगातार सूखे के कारण फसलें खराब होने लगी थी और कई इलाकों में तो बिजाई पर असर पड़ने लगा था। वहीं सेब के बागीचे भी सूखे की मार झेल रहे थे। 

उधर, सैलानी भी बर्फबारी का बड़ी बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। वहीं, बर्फबारी से शिमला शहर के कई‌ इलाकों में बिजली गुल हो गई है और लोग बिना बिजली के ठंड में‌ ठिठुर रहे है। ऊपरी शिमला के भी अधिकतर इलाके अंधेरे में डूबे हैं।‌ वहीं, लोक निर्माण विभाग के मुताबिक बर्फबारी के चलते राज्य में चार एनएच समेत 535 सड़कें बाधित हुई हैं। इन्हें खोलने के लिये मशीनरी लगी है। 

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला सहित, पर्यटन स्थल मनाली, नारकंडा, कुफरी, चायल, डलहाैजी, कल्पा के साथ रिहायशी इलाकों में यह इस सीजन की पहली बर्फबारी है। शिमला, चंबा, कुल्लू व लाहाैल-स्पीति व किन्नाैर के कई इलाकों में भारी बर्फबारी हुई है। ऊंचाई वाले सभी स्थानों पर बीती मध्य रात्रि से ही तेज हवाएं चल रही हैं।‌साथ ही बर्फीले तूफान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ाई हैं। उधर, लंबे समय बाद हुई इ‌स बारिश और बर्फबारी से प्रदेश के किसानों-बागवानों सहित पर्यटन कारोबारियों व सैलानियों के चेहरे खिल गए हैं। 

पहाड़ी की रानी शिमला समेत जिले के ऊंचाई वाले सभी इलाकों में बर्फबारी हुई है, जबकि निचले क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई है। शिमला के रिज‌ और मॉल रोड तथा मनाली के मॉल रोड पर‌ सैलानियों‌ ने इस बर्फबारी का जमकर लुत्फ उठाया और खूब मस्ती की। शिमला में लगातार जारी बर्फबारी से यातायात ठप हो गया है। शहर की लाइफ लाइन सर्कुलर रोड पर जगह-जगह गाड़ियां फंस गई हैं।  खलीनी, टाॅलैंड, हिमलैंड, लिफ्ट के पास व लक्कड़ बाजार मार्ग पर गाड़िया बर्फ में स्किड हो रही हैं। पुलिस बर्फ में फंसे वाहनों को निकालने का प्रयास कर रही है। लोग ठंड में ठिठुरते पैदल अपने गंतव्य तक पहुंचे। 

इस बीच, इस बर्फबारी के कारण ऊपरी शिमला की ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। कुछ फोर-बाई-फोर वाहन जरूर चल रहे है। लेकिन सामान्य आवाजाही बंद है‌। लोक निर्माण विभाग की मशीनें सड़कों को खोलने के लिए सुबह से ही लगी हैं। 

उधर, पर्यटन नगरी मनाली में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। बर्फबारी गिरती देख सैलानी खुशी में झूम उठे। मनाली और आस-पास के क्षेत्रों में सुबह से भारी बर्फबारी हो रही है, जिस कारण यातायात प्रभावित हुआ है। कुल्लू जिले का जलोड़ी दर्रा पर बर्फबारी से हाईवे 305 यातायात के लिए बंद हो गया है। बर्फबारी से बाह्य सराज की 69 पंचायतों का संपर्क कुल्लू जिला मुख्यालय से कट गया है। वहीं, अटल टनल होकर भी कुल्लू-केलांग के बीच चलने वाली बस सेवाएं भी ठप हो गई है। 

बर्फबारी से 535 सड़कें‌ बंद, सड़कों की बहाली के लिए 264 मशीनें तैनात 

हिमाचल प्रदेश में इस भारी बर्फबारी के बाद सड़कों की बहाली को लेकर लोक निर्माण विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। विभाग के प्रमुख अभियंता की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्य अभियंताओं, अधीक्षण अभियंताओं एवं कार्यकारी अभियंताओं के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें बर्फ हटाने के कार्य को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के सख्त निर्देश जारी किए गए।

बैठक में निर्देश दिए गए कि जिन क्षेत्रों में भारी हिमपात हुआ है, वहां सभी उपलब्ध स्नो क्लियरेंस मशीनरी तुरंत तैनात की जाए। साथ ही, बर्फ प्रभावित क्षेत्रों में तैनात वे अधिकारी जो अवकाश पर थे, उन्हें तत्काल ड्यूटी पर लौटने के आदेश दिए गए हैं। 

बर्फबारी के चलते राज्य में 535 सड़कें बंद

बर्फबारी के चलते प्रदेशभर में कुल 535 सड़कें अवरुद्ध हुई हैं, जिनमें 4 राष्ट्रीय राजमार्ग, 20 मुख्य जिला मार्ग और 511 ग्रामीण सड़कें शामिल हैं। लोक निर्माण विभाग के अनुसार 199 सड़कें 23 जनवरी, 104 सड़कें 24 जनवरी, जबकि 232 सड़कें 24 जनवरी के बाद खुलने की संभावना है।

प्रारंभिक आकलन में बर्फबारी से सड़कों व अधोसंरचना को लगभग 6 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।

264 मशीनें मैदान में 

बर्फ हटाने के कार्य के लिए कुल 264 मशीनें तैनात की गई हैं, जिनमें 78 विभागीय जेसीबी, 128 किराये की जेसीबी, 18 रोबोट, 10 डोज़र

और 30 टिपर शामिल हैं। 

शिमला के राष्ट्रीय राजमार्गों पर विशेष तैनाती

शिमला के प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्गों पर 15 जेसीबी, 3 डोज़र और 2 रोबोट लगाए गए हैं। इनमें

टुटीकंडी-मेहली, मेहली-फागू, फागू-नारकंडा और ठियोग-कोटखाई-हाटकोटी मार्ग शामिल हैं।

शिमला शहर की प्रमुख सड़कों पर भी तेजी

शहर के अंदरूनी इलाकों में यातायात बहाल रखने के लिए 10 जेसीबी और 4 रोबोट तैनात किए गए हैं। वहीं, ओल्ड बस स्टैंड, संजौली, लक्कड़ बाजार, अन्नाडेल लिंक रोड, छोटा शिमला-कसुम्पटी, नवबहार, संजौली बाईपास और शिमला-मंडी रोड सहित प्रमुख मार्गों पर लगातार बर्फ हटाने का कार्य जारी है।

लोक निर्माण विभाग ने आम जनता से अपील की है कि अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। विभाग का दावा है कि मौसम अनुकूल रहने पर अधिकतर मार्ग निर्धारित समय में खोल दिए जाएंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *