Spread the love

कोटखाई। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा है कि जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में अपनी कर्मठता, लग्न और जिम्मेदार कार्यशैली के लिए एक अलग पहचान रखते हैं। इस क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने संगठन को सशक्त बनाने के साथ-साथ जनसेवा के कार्यों में भी सदैव अग्रणी भूमिका निभाई है, जो प्रदेश के अन्य क्षेत्रों के लिए प्रेरणास्रोत है। वे बुधवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जुब्बल-नावर-कोटखाई की मासिक बैठक को संबोधित कर रहे थे। 

रोहित ठाकुर ने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र को आदर्श क्षेत्र के रूप में विकसित करने के लिए गत तीन वर्षों में निरंतर और योजनाबद्ध प्रयास किए गए हैं। इन्हीं प्रयासों के परिणामस्वरूप क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं में अभूतपूर्व प्रगति हुई है। रोहित ठाकुर ने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई बागवानी बहुल क्षेत्र है और सड़कों के बिना बागवानी की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने बताया कि गत तीन वर्षों में क्षेत्र में लगभग 500 करोड़ रुपए की लागत से सड़क परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं तथा 161 सड़कों की रिकॉर्ड पासिंग की गई है।

रोहित ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2012-17 के कांग्रेस कार्यकाल में क्षेत्र में रिकॉर्ड 11 प्राथमिक स्वास्थ्य संस्थान खोले गए थे, लेकिन पूर्व भाजपा सरकार ने द्वेषपूर्ण राजनीति के चलते इनके भवन निर्माण कार्य को अधर में लटकाए रखा। वर्तमान सरकार ने सभी प्राथमिक स्वास्थ्य संस्थानों के भवनों के लिए बजट का प्रावधान कर निर्माण कार्य आरंभ करवाया है। इसी प्रकार, कई दशकों से शैक्षणिक संस्थानों के भवनों का निर्माण बजट के अभाव में लंबित था। वर्तमान सरकार ने करोड़ों रुपये का बजट सुनिश्चित कर इन भवनों का निर्माण पूरा करवाया तथा शेष कार्य प्रगति पर है।

रोहित ठाकुर ने कहा कि राजकीय महाविद्यालय टिक्कर एवं स्वर्ण जयंती उत्कृष्ट लाल बहादुर शास्त्री राजकीय महाविद्यालय, सरस्वती नगर में युवाओं के लिए नए जॉब-बेस्ड डिग्री कोर्स आरंभ किए गए हैं। पहले क्षेत्र के युवाओं को व्यावसायिक शिक्षा के लिए अन्य राज्यों व जिलों का रुख करना पड़ता था, लेकिन अब यह सुविधा उन्हें घर-द्वार पर उपलब्ध हो रही है। 

रोहित ठाकुर ने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, प्रगतिनगर के ढांचागत विकास के लिए 43 करोड़ रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति एवं वित्तीय अनुमोदन प्रदान किया गया है। साथ ही B.Tech एवं पॉलिटेक्निक के नए डिग्री/डिप्लोमा कोर्स शुरू किए गए हैं, जिससे यह संस्थान बहुआयामी तकनीकी शिक्षा का केंद्र बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि कोटखाई में केंद्रीय विद्यालय जैसा उत्कृष्ट शिक्षण संस्थान खोला गया है, जिससे लगभग 1500 छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर मिलेगा।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई में छात्रा स्पोर्ट्स हॉस्टल शुरू किया गया है, जहां छात्राओं को बैडमिंटन, कबड्डी सहित विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। 

शिक्षा के क्षेत्र में हिमाचल शीर्ष पर पहुंचा, जुब्बल-नावर-कोटखाई को मिला मान-सम्मान 

रोहित ठाकुर ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में हिमाचल प्रदेश शिक्षा के क्षेत्र में 21वें स्थान पर पहुंच गया था। लेकिन निरंतर प्रयासों और दृढ़ निश्चय के चलते प्रदेश ने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार किया है। PGI, ASER एवं NAS जैसी राष्ट्रीय रैंकिंग में बेहतर प्रदर्शन के परिणामस्वरूप हिमाचल प्रदेश को पूर्ण साक्षर राज्य के रूप में राष्ट्रीय पहचान मिली है, जिससे जुब्बल-नावर-कोटखाई की जनता का भी गौरव बढ़ा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ० यशवंत परमार के कार्यकाल से लेकर वर्तमान तक प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में हुए सुधारों के चलते हिमाचल प्रदेश को 99.30 प्रतिशत की साक्षरता दर के साथ पूर्ण साक्षर राज्य घोषित किया गया हैं जो पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात हैं। 

न्यूज़ीलैंड के साथ FTA से भाजपा का बागवान-विरोधी चेहरा उजागर 

रोहित ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आते ही बाग़वानी के क्षेत्र में ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं जिसकी मांग वर्षो से की जा रही थी जिसमें यूनिवर्सल कार्टन लागू करना, कीटनाशक व फफूंदनाशक दवाइयों पर सब्सिडी बहाल करना सहित अनेक निर्णय शामिल है। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा कार्यकाल की MIS के तहत देय राशि का भुगतान कांग्रेस सरकार के द्वारा किया गया। 

रोहित ठाकुर ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा न्यूज़ीलैंड के साथ किए गए फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) और मार्केट इंटरवेंशन स्कीम (MIS) के तहत बजट समाप्त किए जाने से भाजपा का बागवान-विरोधी चेहरा पूरी तरह उजागर हो गया है। यह निर्णय सीधे तौर पर हिमाचल, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के सेब बागवानों के हितों के खिलाफ है।

उन्होंने कहा कि यूरोप, अमेरिका, चीन और न्यूज़ीलैंड जैसे देशों की नजर भारत के विशाल कृषि बाजार पर है, जबकि हिमाचल के छोटे सेब बागवान सीमित संसाधनों के साथ विदेशी कंपनियों से प्रतिस्पर्धा नहीं कर सकते। ऐसे में विदेशी सेब को खुली छूट देना प्रदेश की बागवानी को समाप्त करने की साजिश है।

रोहित ठाकुर ने याद दिलाया कि पूर्व मुख्यमंत्री ठाकुर राम लाल ने वर्ष 1983 में सेब बागवानों को राहत देने के लिए MIS योजना की शुरुआत की थी, जिसमें 50 प्रतिशत सहयोग राज्य और 50 प्रतिशत केंद्र सरकार देती थी। उस समय केंद्र सरकार हर वर्ष लगभग ₹1500 करोड़ का बजट प्रावधान करती थी, लेकिन भाजपा सरकार ने वर्ष 2022-23 में MIS का बजट शून्य कर दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि इस गंभीर मुद्दे पर भाजपा मौन क्यों हैं? 

रोहित ठाकुर ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि गत तीन वर्षों में प्रदेश व विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों को घर-घर और जन-जन तक पहुँचाया जाए, ताकि आम जनता तक सरकार की नीतियों और उपलब्धियों की  जानकारी पहुँचे। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता, समर्पण और जनता से सीधे संवाद पर निर्भर करती है, और इसी भावना के साथ कार्यकर्ता आने वाले समय में भी पार्टी को और अधिक मजबूत करने का कार्य करें। 

बैठक में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जुब्बल-नावर-कोटखाई के अध्यक्ष मोतीलाल डेरटा, जोन प्रभारी, बूथ अध्यक्ष, वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता, महिला कांग्रेस, अनुसूचित जाति विभाग, किसान कांग्रेस, युवा कांग्रेस सहित सभी संगठनात्मक पदाधिकारी उपस्थित रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *