Spread the love

शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया भारतीय संसद द्वारा आयोजित तीन‌ दिवसीय 28वें अन्तर्राष्ट्रीय स्पीकर और पीठासीन अधिकारियों के सम्मेलन में शामिल हुए। संसद भवन नई दिल्ली में आयोजित इस सम्मेलन में 53 राष्ट्रमण्डल देशों के राष्ट्रीय स्पीकर तथा पीठासीन अधिकारीयों ने भाग लिया। वीरवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संविधान सदन के केन्द्रीय हॉल में आगमन के साथ ही उद्घाटन समारोह के कार्यक्रम का आरम्भ हुआ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सम्मेलन का शुभारम्भ किया तथा अपना प्रमुख सम्बोधन भी दिया।

इस अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी लोक सभा अध्यक्ष एवं 28वें राष्ट्रमंडल देशों के राष्ट्रीय स्पीकर एवं पीठासीन अधिकारी सम्मेलन के अध्यक्ष ओम बिरला कर रहे हैं। इस अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलन में 28 राज्यों के पीठासीन अधिकारी भी विशेष रूप से आमंत्रित हैं, जिसमें हिमाचल प्रदेश विधान सभा के स्पीकर एवं पीठासीन अधिकारी कुलदीप सिंह पठानिया भी शामिल हैं। 

इस सम्मेलन को राज्य सभा के उपसभापति डॉ. हरिवंश, राष्ट्रमण्डल संसदीय संघ के अध्यक्ष क्रिस्टोफर कलिला, अतंर- संसदीय संघ के अध्यक्ष डॉ. तूलिया ऐक्सन तथा लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी सम्बोधित किया।

पठानिया ने कहा कि अंतर-संसदीय संघ राष्ट्रीय स्तर के संसदों का वैश्विक संगठन है जो संसदीय कूटनीति को सुगम बनाता है तथा विश्वभर में शांति, लोकतन्त्र एवं सतत विकास को बढ़ावा देने में अपना बहुमूल्य योगदान देता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के अन्तर्राष्ट्रीय सम्मेलनों में जहाँ पूरा विश्व एक मंच पर आकर विश्व स्तर पर ज्वलंत एवं समसामयिक विषयों पर गहन एवं सार्थक चर्चा कर उसका अन्तर्राष्ट्रीय समाधान ढूंढने का प्रयास करता है, वहीं वैश्विक शांति तथा लोकतंत्र की मजबूती का मार्ग भी प्रशस्त करता है। 

पठानिया ने कहा कि आज पूरा विश्व तथा मानव सभ्यता जहाँ शांति तथा एकता की दुहाई दे रही है, वहीं जटिल अन्तर्राष्ट्रीय समस्याओं जैसे बेकारी, बेरोजगारी, आतंकवाद, अलगाववाद तथा अन्तर्राष्ट्रीय सीमा विवादों का भी इस तरह के आयोजन के माध्यम से गम्भीर चर्चा कर शांतिपूर्ण एवं स्थायी हल ढूंढने का प्रयास निरन्तर जारी है। पठानिया ने आशा व्यक्त की कि सम्मेलन के दौरान चर्चा के लिए लाए गए विषयों से देश व दुनिया को एक नई दिशा मिलेगी तथा अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर भविष्य में इसके दूरगामी परिणाम देखने को मिलेंगे। इस सम्मेलन के दौरान हिमाचल प्रदेश विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा भी मौजूद थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *