Spread the love

शिमला‌। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बुधवार को कोटखाई उप मण्डल की ग्राम पंचायत बाग डुमेहर में जालठ (1) से जालठ (2) सम्पर्क मार्ग का लोकार्पण किया। इस सड़क के निर्माण में 1 करोड़ 50 लाख रुपए की राशि व्यय हुई है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग के बनने से दोनों बस्तियों में परस्पर बेहतर सम्पर्क स्थापित होगा और आवागमन सुलभ हो सकेगा। साथ ही बागवानों को उनकी फसल को बाजार तक पहुंचाने में भी सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर उन्होंने इस मार्ग पर बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 

रोहित ठाकुर ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान सम्पूर्ण हिमाचल में चहुंमुखी विकास कार्य प्रगति पर है और उनके विधानसभा क्षेत्र जुब्बल-नवार-कोटखाई में भी विभिन्न विकास कार्य चल रहे हैं, जिनमें केवल सड़क निर्माण के क्षेत्र में ही 500 करोड़ रुपए के कार्य इस समय चल रहे हैं। इसके अंतर्गत विभिन्न सड़कों का निर्माण और उन्नयन कार्य प्रगति पर है जो कि हिमाचल प्रदेश में सर्वाधिक है। इस दौरान 161 सड़कों की सफलतापूर्वक पासिंग हुई है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण सुधार हुए है। जहां सिविल अस्पताल जुब्बल और मुख्य्मंत्री आदर्श स्वास्थ्य संस्थान कोटखाई में विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टर अपनी सेवाएं दे रहे हैं, वहीं स्वास्थ्य की सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 11 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त बिजली, पानी और नशे के उन्मूलन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी सरकार ने महत्वपूर्ण और प्रभावी निर्णय लिए है जिसका असर भी यथार्थ में नज़र आ रहा है।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि कोटखाई में केंद्रीय विद्यालय की स्वीकृति मिलना शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कदम है, जिसके दूरगामी परिणाम सुखद होंगे। इसके साथ ही कोटखाई में सब जज कोर्ट की गतिविधियों भी शीघ्र सुचारू कर दिया जायेगा। शिक्षा मंत्री ने बताया कि यद्यपि वे अपनी पूरी शक्ति, ईमानदारी और निष्ठा से प्रदेश के नागरिकों की सेवा कर रहे हैं, फिर भी विकास के निरंतर और गतिशील प्रक्रिया है। आने वाले समय में उनका यह प्रयत्न रहेगा कि सरकार और नागरिकों के परस्पर सहयोग से अपने विधानसभा क्षेत्र और प्रदेश को एक बेहतर स्थिति में लाया जाए। 

इस अवसर पर जुब्बल नावर कोटखाई मण्डल कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष मोती लाल डेरटा, निदेशक क़ृषि व ग्रामीण विकास बैंक देविंदर नेगी, निदेशक राज्य सहकारी बैंक पवन चौहान, अध्यक्ष युवा कांग्रेस दीपक कालटा, स्थानीय ग्राम पंचायत प्रधान उर्मिला जस्टा, उप प्रधान रमेश कुमार, पंचायत समिति सदस्य रमन आचार्य, वरिष्ठ कांग्रेसी देविंदर सावंत, एसडीएम कोटखाई, बीडीओ कोटखाई सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *