Spread the love

कहा – 17 करोड़ 16 लाख रुपए से किया जा रहा खड़ापत्थर-पटसारी सड़क का उन्नयन कार्य 

शिक्षा मंत्री ने‌ जुब्बल में दो विकासात्मक कार्यों‌ का‌ किया निरीक्षण

शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शुक्रवार को  उप मण्डल जुब्बल में दो विकासात्मक कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने जुब्बल के समीप डकैड़ में निर्माणाधीन शिक्षक प्रशिक्षण संस्थान के निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए कहा कि यह संस्थान जुब्बल क्षेत्र में बनने वाला एक बड़ा और महत्वपूर्ण संस्थान है, जहां पर आने वाले समय में प्रदेश और देशभर से शिक्षक प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे।‌ इससे शिक्षा का आधारभूत ढांचा मज़बूत होगा और शिक्षा का स्तर बेहतर होगा।

रोहित ठाकुर ने कहा कि इस संस्थान के निर्माण पर 17 करोड़ रुपए का व्यय किए जा रहे हैं, जो “हिमुडा” द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने निर्माण कार्य को निश्चित समयावधि में पूरा करने के निर्देश भी दिये।

इसके उपरांत, शिक्षा मंत्री ने खड़ापत्थर में 1 करोड़ 87 लाख रुपए से निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य के आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 11 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण किया जा रहा है। इसमें से एक स्वास्थ्य केंद्र बरथाटा (बटाड़गलू) का लोकार्पण किया जा चुका है।

उधर, ग्राम पंचायत पराली के प्रांगण में हुए एक समारोह में रोहित ठाकुर ने उपस्थित लोगों से कहा कि पराली पंचायत में भी अन्य पंचायतों की ही भांति सर्वांगीण विकास हुआ है। इसके अंतर्गत विभिन्न सड़कों और भवनों का निर्माण हुआ है। इसके अतिरिक्त इस क्षेत्र की प्रमुख सड़क खड़ापत्थर-पटसारी का उन्नयन कार्य 17 करोड़ 16 लाख रुपए से किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत इस सड़क की मेटलिंग और टारिंग की जा रही है। उन्होंने कहा कि गिरी गंगा, जुब्बल क्षेत्र का एक पवित्र और दर्शनीय स्थल है। खड़ापत्थर-गिरी गंगा सड़क को 6 करोड़ 46 लाख रुपये की लागत से पक्का किया गया है। इस सड़क के बनने से स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को सुविधा होगी और पर्यटन की दृष्टि से यह क्षेत्र विकसित होगा।  साथ ही प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत मडांन संपर्क मार्ग के लिए 2 करोड़ 96 लाख रुपए की स्वीकृति प्राप्त हुई है, जिसकी औपचारिकताओं को शीघ्र ही पूरा कर के कार्य आरम्भ कर दिया जायेगा। 

शिक्षा मंत्री ने कहा कि 2025 में वर्तमान सरकार के 3 वर्ष भी पूरे हुए हैं। इस दौरान जहाँ एक ओर हिमाचल ने एक मजबूत और अभूतपूर्व विकास यात्रा पूरी की। पिछली वर्षों के दौरान कुछ कड़वे अनुभव भी हमें देखने पड़े,‌ जहाँ 2023 और 2025 में प्राकृतिक अपादाओं के चलते हज़ारों करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। उन्होंने आने वाले वर्ष के लिए आशा व्यक्त करते हुए कहा कि आने वाला समय प्रदेश के लिए सुखमय हो। 

इस अवसर पर इस अवसर पर जुब्बल नवार कोटखाई कांग्रेस मण्डल के पूर्व अध्यक्ष  मोतीलाल डेरटा, प्रधान ग्राम पंचायत पराली मीनाक्षी मजटा, पंचायत स्मिति सदस्य कोमल हांसटा, जुब्बल कांग्रेस जोन के पूर्व अध्यक्ष लोकपाल शरखोली के अलावा मुनि लाल नरसेठ, ग्राम पंचायत शिल्ली  प्रधान किरपा राम, पूर्व प्रधान शिल्ली लोकिंदर चौहान, युवा कांग्रेस अध्यक्ष दीपक कालटा एवं साथ लगती पंचायतों के जन प्रतिनिधि, उपमंडलाधिकारी जुब्बल गुरमीत नेगी, बीडीओ जुब्बल करण सिंह एसएचओ जुब्बल चेतन चौहान एवं सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *