सरकार को सड़क से सदन तक घेरने की तैयारी में भाजपा, कांग्रेस ने भी जवाबी प्रहार को कसी है कमर
कानून व्यवस्था, बेरोजगारी, पंचायत चुनाव से लेकर आपदा राहत आदि पर गर्म रहेगा सदन
धर्मशला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा का शीतकालीन आज बुधवार से शुरू होगा। धर्मशाला के तपोवन में होने वाले इस आठ दिवसीय सत्र के दौरान कुल 744 सवाल गूंजेंगे। पांच दिसंबर तक चलने वाले इस सत्र में सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों ने मोर्चाबंदी कर ली है। भाजपा जहां “सड़क से सदन” तक सरकार को घेरने की रणनीति के साथ उतर रही है, वहीं कांग्रेस सरकार ने भी तथ्यों और आंकड़ों से विपक्ष को घेरने का पूरा खाका तैयार कर लिया है।
उधर, हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि इस सत्र में सदस्यों से प्रश्नों से सम्बन्धित कुल 744 प्रश्नों की सूचनाएं प्राप्त हुई हैं, जिसमें 604 प्रश्न तारांकित तथा 140 प्रश्न अतारांकित हैं। इसके अतिरिक्त नियम 62 के तहत 11 सूचनाएं, नियम 63 के तहत 4 सूचनाएं, नियम 101 के अन्तर्गत 07 सूचनाएं, नियम 130 के तहत 16 सूचनाएं, नियम 324 के तहत 1 सूचना माननीय सदस्यों से प्राप्त हुई है। इन्हें आगामी कार्रवाई की लिए सरकार को प्रेषित कर दिया गया है।
पठानिया ने कहा कि सदस्यों से जो सूचनाएं प्रश्नों के माध्यम से प्राप्त हुई हैं वह मुख्यत: आपदा से निपटने के लिए केन्द्र से सहायता राशि, बाढ़, स्कूलों का विलय, प्रदेश में हाल ही में भारी वर्षा तथा प्राकृतिक आपदा से उत्पन्न हुई स्थिति, सरकार द्वारा आपदा से निपटने को किए गए प्रयास, सड़कों, पुलों का निर्माण, स्वीकृत सड़कों की डीपीआर को लेकर है। इसके अलावा प्रदेश में महाविद्यालयों, स्कूलों, स्वास्थ्य संस्थानों इत्यादि का उन्नयन एवं विभिन्न विभागों में रिक्त पदों की पदपूर्ति, पर्यटन, उद्यान, पेयजल की आपूर्ति, युवाओं में बढ़ते नशे के प्रयोग की रोकथाम, बढ़ते अपराधिक मामलों तथा परिवहन व्यवस्था को लेकर भी सूचनाएं मांगी गई हैं। इसके अतिरिक्त सदस्यों ने प्रश्नों के माध्यम से अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से सम्बन्धित मुख्य मुद्दों को भी उजागर किया है।
पठानिया ने यहां प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि इस सत्र में कुल 8 बैठकें आयोजित की जाएंगी। 28 नवम्बर, 2025 व 04 दिसम्बर, 2025 के दिन गैर-सरकारी सदस्य कार्य दिवस के लिए निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस शीतकालीन सत्र के पहले दिन पूर्व विधायक स्व. बाबू राम गौतम के प्रति सदन में शोकोद्गार प्रस्तुत होंगे। उन्होंने कहा कि इस कैलेण्डर वर्ष में बजट सत्र में 15, मानसून सत्र में 12 तथा अभी शीतकालीन सत्र में 08 बैठकों के साथ ही कुल 35 बैठकें पूरी होंगी।
कुलदीप पठानिया ने कहा कि सत्र अविलम्ब चले इसके लिए उन्होंने बुधवार को सत्र आरम्भ होने से पूर्व 10:15 बजे दोनों दलों के प्रमुख नेताओं की बैठक बुलाई है। इसमें संसदीय कार्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष, उप मुख्य सचेतक हिमाचल प्रदेश सरकार तथा भाजपा विधायक दल के मुख्य सचेतक भी शामिल होंगे।
पठानिया ने कहा कि उनका सत्तापक्ष तथा प्रतिपक्ष से अनुरोध रहेगा कि वह उन्हे सदन संचालन में रचनात्मक सहयोग दें ताकि सदन के समय का सदुपयोग जनहित से जुड़े मुद्दों व सार्थक चर्चा के लिए किया जा सके। पठानिया ने यहां प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि इस कैलेण्डर बर्ष में बजट सत्र में 15, मानसून सत्र में 12 तथा अभी शीतकालीन सत्र में 08 बैठकों के साथ ही हम कुल 35 बैठकें पूरी कर सकेंगे।
प्रेस वार्ता उपरान्त विधानसभा अध्यक्ष ने सदन में सत्र के लिए की जा रही व्यवस्था का जायजा लिया तथा विधान सभा सचिवालय के अधिकारियों को सदन के अन्दर तथा परिसर में समुचित व्यवस्था समय रहते करने के निर्देश दिए।
