Spread the love

शिमला। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार व कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक मर्यादाओं का हनन कर रही है। उन्होंने कहा कि बीते दिन शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जो आमंत्रण पत्रों में एक एनजीओ के नाम से दर्शाया गया था, लेकिन वास्तव में यह कार्यक्रम सरकारी स्तर पर आयोजित किया गया।

रणधीर शर्मा ने कहा कि इस कार्यक्रम में अपेक्षा थी कि स्व. वीरभद्र सिंह के व्यक्तित्व व कृतित्व पर चर्चा होती तथा सरकार अपनी उपलब्धियों का बखान करती, किंतु ऐसा कुछ नहीं हुआ। इसके विपरीत, मुख्यमंत्री सहित कांग्रेस के अन्य नेताओं ने केवल केन्द्र सरकार की आलोचना की और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कटाक्ष करने में ही अपना समय व्यतीत किया। उन्होंने कहा कि इससे यह स्पष्ट होता है कि कांग्रेस पार्टी के नेता “मोदी फोबिया” से ग्रस्त हैं।

भाजपा नेता ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी मंगलवार को हिमाचल प्रदेश आए और सोमवार को स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण समारोह में उपस्थित नहीं हुए। रणधीर शर्मा ने कहा कि यह पूर्व मुख्यमंत्री के प्रति कांग्रेस नेतृत्व का अपमान है कि वे उनके सम्मान में आयोजित समारोह में शामिल नहीं हुए, जबकि आज केवल “घूमने” के लिए हिमाचल पहुंच रहे हैं।

रणधीर शर्मा ने कांग्रेस नेतृत्व पर प्रहार करते हुए कहा कि सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने इस वर्ष आई प्राकृतिक आपदा के समय हिमाचल प्रदेश की कोई सुध नहीं ली। उन्होंने कहा कि जब सैकड़ों लोगों की जानें गईं, गांव बह गए, परिवार उजड़ गए, तब इन नेताओं को हिमाचल आने का समय नहीं मिला, जबकि प्रियंका गांधी का स्वयं का मकान हिमाचल में है और वे कहती हैं कि “हिमाचल हमारा घर है”। लेकिन संकट के समय ये नेता जनता के साथ नहीं, बल्कि सत्ता और सैर-सपाटे में व्यस्त रहे।

भाजपा नेता ने कांग्रेस सरकार पर झूठे वादों और गारंटियों का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने चुनावों के दौरान अनेक गारंटियां देकर सत्ता हासिल की थी। प्रियंका गांधी ने वादा किया था कि सरकार बनने के बाद पहली ही कैबिनेट बैठक में सभी महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह भत्ता देने की घोषणा की जाएगी, परंतु तीन साल बीत जाने के बाद भी महिलाओं को यह सुविधा नहीं मिल पाई है। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी ने न तो इस विषय पर कोई चर्चा की और न ही यह बताया कि गारंटियां पूरी हुईं या नहीं। इससे यह सिद्ध होता है कि कांग्रेस पार्टी केवल सत्ता प्राप्ति के लिए झूठे वादे करती है और सत्ता में आने के बाद उन्हें भूल जाती है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता अब कांग्रेस की खोखली गारंटियों और झूठे आश्वासनों को भली-भांति पहचान चुकी है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *