शिमला। हिमाचल प्रदेश में कोरोना संक्रमण की रफ्तार थम नहीं रही है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, शहरी विकास मंत्री, सुरेश भारद्वाज, तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा के बाद अब विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार भी कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गए हैं। दो दिन पहले कोरोना के लक्षण आने पर उन्होंने इसका टेस्ट करवाया और उनकी रिपोर्ट पाजिटिव आई है। कुछ दिन पहले विपिन परमार का पीएसओ भी कोरोना पाजिटिव आया था और उसके बाद से वे होम आइसोलेशन में चले गए थे और अब उनकी रिपोर्ट भी पाजिटिव आई है। उन्होंने सोशल मीडिया में इस सूचना को साझा किया और कहा कि चिकित्सकों की सलाह पर वे घर पर ही आइसोलेट हुए हैं। इस बीच, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ट्वीट कर विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार के कोरोना पाजिटिव आने पर चिंता जताई और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
