शिमला। हिमाचल प्रदेश में कोरोना संक्रमण से मौत का सिलसिला जारी है। मंगलवार को राज्य में इस संक्रमण से तीन लोगों की मौत हो गई। ये मौतें कांगड़ा, मंडी और सोलन जिलों में हुई हैं। कांगड़ा जिले के पालमपुर के 65 वर्षीय व्यक्ति की कोरोना संक्रमण से मौत हो गई। कोरोना संक्रमित मरीज को 11 अक्टूबर को गंभीर हालत में टांडा अस्पताल में दाखिल किया गया था। यह मरीज लीवर रोग से ग्रसित था। वहीं, मंडी जिले में 57 वर्षीय व्यक्ति की कोरोना संक्रमण से मौत हुई है, जबकि सोलन जिले में 70 वर्षीय बुजुर्ग ने इस संक्रमण के चलते दम तोड़ दिया। इस प्रकार राज्य में कोरोना संक्रमण से मौत का आंकड़ा बढ़कर 249 पहुंच गया है।
उधर, प्रदेश में मंगलवार को कोरोना संक्रमण से 184 नए मामले पाजिटिव आए हैं। शिमला जिले में 38 मामले कोरोना पाजिटिव आए हैं। मंडी जिले में 30, कांगड़ा में 23, सिरमौर में 20, बिलासपुर और लाहौल-स्पीति जिलों में 18-18, हमीरपुर में 9, कुल्लू में 8, सोलन में 7, चंबा और ऊना जिलों में 6-6 और किन्नौर जिला में एक मामला कोरोना पाजिटिव आया है। राज्य में अब कोरोना संक्रमण के कुल 17762 मामले हो गए हैं। इनमें से 14985 मरीज इस संक्रमण से जंग जीत चुके हैं। मंगलवार को 311 मरीज ठीक हुए हैं। ऐसे में अब राज्य में कोरोना संक्रमण के 2507 एक्टिव केस रह गए हैं। सिरमौर जिले के रोनहाट में एक नवजात समेत कोरोना संक्रमण के 20 नए मामले आए हैं। चंबा जिले में दो वर्षीय बच्ची कोरोना पॉजिटिव पाई गई है।
हमीरपुर जिले में मंगलवार को रैपिड एंटीजन टैस्ट में 7 लोगों समेत 9 लोग कोरोना पॉजीटिव पाए गए हैं। सीएमओ डॉ. अर्चना सोनी ने बताया कि मंगलवार को जिले के विभिन्न स्वास्थ्य खंडों में रैपिड एंटीजन टेस्ट के लिए कुल 71 सैंपल लिए गए, जिनमें से 7 पॉजीटिव पाए गए हैं। पॉजीटिव पाए गए लोगों में नागरिक अस्पताल भोरंज के तीन लोग 50 वर्षीय व्यक्ति, 54 वर्षीय और 37 वर्षीय व्यक्ति शामिल है। मेडिकल कालेज हमीरपुर का 50 वर्षीय और 31 वर्षीय व्यक्ति भी पॉजीटिव पाया गया है। इनके अलावा हमीरपुर शहर के वार्ड नंबर एक के 32 वर्षीय व्यक्ति और बिलासपुर जिले की घुमारवीं तहसील के गांव कनवरी के 48 वर्षीय व्यक्ति की रिपोर्ट भी पॉजीटिव आई है।
