Spread the love

शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने वीरवार को शिमला स्थित काली बाड़ी मंदिर परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान कार्यक्रम में भाग लिया। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर चल रहे सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत किया गया। इस अवसर पर डॉ. बिंदल ने प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घायु और खुशहाली की कामना करते हुए उन्हें देश और समाज के लिए समर्पित नेता बताया।

डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश को जीएसटी के रूप में बड़ी राहत दी है। उन्होंने कहा, “आजादी के बाद पहली बार टैक्स घटने की ऐतिहासिक पहल हुई है।” उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि सीमेंट पर जीएसटी घटने से प्रति बैग लगभग 60 रुपये की कमी आई है, जिससे एक कमरे का निर्माण करने पर लगभग 60 हजार रुपये की बचत हो रही है। इसी प्रकार टीवी पर 3 से 5 हजार रुपये तक का लाभ, कॉस्मेटिक सामान पर 25 प्रतिशत तक की राहत तथा आटा, दाल, चावल जैसी रोजमर्रा की वस्तुओं पर टैक्स को 18 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत या शून्य कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि सामान्य दवाइयों पर जीएसटी को 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत या शून्य कर दिया गया है, जबकि गंभीर बीमारियों में उपयोग होने वाली महंगी दवाइयों को पूर्णतः टैक्समुक्त कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह राहत न केवल आम आदमी के जीवन को आसान बनाएगी, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देगी।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने सेवा पखवाड़े की गतिविधियों का विवरण देते हुए बताया कि 17 सितम्बर को पूरे प्रदेश में 21 स्थानों पर रक्तदान शिविर लगाए गए। आगामी दिनों में 75 से अधिक रक्तदान शिविर और 68 स्थानों पर स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे। 18 सितम्बर को राज्यभर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को यह संदेश दिया कि यह मेरा देश है, इसे साफ रखना मेरी जिम्मेदारी है। इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए देशभर में 12 करोड़ गरीब परिवारों के घरों में शौचालय बनवाए गए।

डॉ. बिंदल ने बताया कि 25 सितम्बर तक ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी ठोस पहल की जाएगी। साथ ही, सेवा पखवाड़े में इस बार स्वदेशी अभियान को भी जोड़ा गया है। उन्होंने कहा, “मेरा भारत, मेरे देश में बना सामान ही हमें खरीदना है, ताकि देश की अर्थव्यवस्था मजबूत हो और हर हाथ को रोजगार मिले।” उन्होंने कहा कि 25 सितम्बर को पं. दीनदयाल उपाध्याय की जन्म जयंती के अवसर पर देशभर में स्वदेशी जनजागरण अभियान की शुरुआत होगी। उन्होंने अपील की कि हम छोटे-छोटे कदम उठाकर स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करें, चाहे वह शेविंग किट हो, पेन हो, टीवी हो या अन्य कोई सामान।

डॉ. बिंदल ने कहा कि सेवा पखवाड़ा वास्तव में जनकल्याण, स्वच्छता, पर्यावरण और स्वदेशी को बढ़ावा देने वाला अभियान है, जिसे पूरे देश में जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *