Spread the love

संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए

रिकांगपिओ। राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने किन्नौर जिला के प्रवास के तहत मंगलवार को जिला की पर्यटन घाटी सांगला वैली में स्थित हिमाचल पथ परिवहन निगम बस स्टैंड सांगला के साथ बारिश के कारण हो रहे भूस्खलन का विस्तार से निरीक्षण किया और सम्बन्धित अधिकारियों को भूस्खलन रोकने के उचित दिशा-निर्देश दिए। 

कैबिनेट मंत्री जगत सिंह नेगी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से विस्तृत चर्चा की और हालात की संवेदशीलता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि भूस्खलन के कारण सांगला बस स्टैंड को भी खतरा बना हुआ है और इसके त्वरित समाधान के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी प्रकार के नुकसान से बचा जा सके।

राजस्व मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण लगभग सभी जिलों में भारी तबाही हुई है और वर्तमान प्रदेश सरकार प्रभावितों के साथ तत्परता के साथ खड़ी है। प्रभावितों को हर प्रकार की मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही है। इसके अलावा किसी स्थान पर फंसे हुए लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू भी किया गया है ताकि इस आपदा के समय में सभी की एकजुटता के साथ प्रभावितों को राहत प्रदान की जा सके।

इसके उपरांत राजस्व मंत्री ने विश्राम गृह सांगला में स्थानीय लोगों की जन समस्याएं सुनी तथा वहां पर उपस्थित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए ताकि धरातल पर आमजन को वर्तमान राज्य सरकार की समावेशी योजनाओं का लाभ मिल सके। 

इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष उमेश नेगी, उपमंडलाधिकारी कल्पा अमित कल्थाईक, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता अभिषेक शर्मा, थाना प्रभारी सांगला जय सिंह, सांगला ग्राम पंचायत की प्रधान देव सांकी, चांसू ग्राम पंचायत के प्रधान बीरबल सिंह, कामरू पंचायत प्रधान इंदु लक्ष्मी, उपप्रधान सांगला पंचायत लोकेश कुमार, कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी गण व कार्यकर्ताओं सहित कर्मचारी उपस्थित रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *