शिमला। पेंशनर वेलफ़ेयर एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेश महासचिव भूपराम वर्मा के नेतृत्व में मंगलवार को नगर निगम शिमला के महापौर सुरेन्द्र चौहान से उनके कार्यालय में मिला। इस दौरान महापौर को पेंशनरों की मांगों के बारे में एक ज्ञापन सौंपा गया और उनके साथ विस्तृत चर्चा की गई। नगर निगम शिमला से सेवानिवृत्त कर्मचारियों के छठे वेतन आयोग के लम्बित वेतनमान 1-1-2016 के बाद सेवानिवृत्त कर्मचारियों को संशोधित पेंशन ना मिलने के बारे चिंता प्रकट की गई ।
संघ का कहना है कि पिछले तीन साल से यह लाभ नहीं मिल रहा है। प्रदेश सरकार की 2022 की अधिसूचना के अनुसार सभी अन्य विभागों को यह अदायगी हो चुकी है और सेवानिवृत्त नगर निगम कर्मचारियों के साथ सौतेला व्यवहार हो रहा है ।
भूपराम वर्मा ने कहा कि निगम का वित्तीय प्रबंधन अपने स्तर पर होता है और प्रदेश सरकार से वित्तीय सहायता की आवश्यकता नहीं होती है।वास्तव में इन सेवानिवृत्त कर्मचारियों को तीन साल पहले यह लाभ मिल जाना चाहिए था क्योंकि इनके मामले महालेखाकार हिमाचल प्रदेश को स्वीकृति के लिए नहीं जाते हैं और केवल निदेशक अर्बन डेवलपमेंट ही सक्षम है। इस अवसर पर एसोसिएशन के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष गंगा राम शर्मा, मुख्य संगठन सचिव एवं शिमला शहरी के प्रधान मदन शर्मा, मीडिया प्रभारी सैन राम नेगी, प्रेस सचिव लायक राम शर्मा, उपाध्यक्ष दीप राम शर्मा, हरि चंद गुप्ता, सुरेश शर्मा, नारायण दास, जीत राम, घनश्याम ठाकुर, सुभाष झगटा, पूरण शर्मा, विजय व अनिल उपस्थित रहे।
