Spread the love

नगरोटा में 5 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले हाॅस्टल का किया शिलान्यास 

 शिक्षा मंत्री ने बाल मेले प्रतिभागी बच्चों को किया पुरस्कृत 

धर्मशाला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि वर्तमान सरकार ने प्रदेश में विद्यार्थियों के लिए गुणवत्तापूर्ण और समावेशी शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए 850 संस्थानों को उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित किया है।

 शनिवार को नगरोटा कालेज में 5 करोड़ की लागत से निर्मित होने वाले गर्ल्ज हाॅस्टल का शिलान्यास करने के उपरांत रोहित ठाकुर ने कहा कि सरकार ने सरकारी स्कूलों में पहली कक्षा से ही अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई का अपना चुनावी वायदा भी पूरा किया है। इसके अतिरिक्त प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में अत्याधुनिक तकनीक से लैस राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं। जिसमें नगरोटा विस क्षेत्र के कबाड़ी में भी डे बोर्डिंग स्कूल का निर्माण किया जाएगा। शिक्षा मंत्री ने कहा कि राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूलों में सभी अत्याधुनिक सुविधाओं और व्यवस्थाओं से बच्चों के समग्र विकास पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि बच्चों के सम्पूर्ण विकास हेतु पढ़ाई के साथ-साथ अन्य गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार ने परमार विद्यार्थी ऋण योजना शुरू की है। इस योजना के तहत छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए महज एक प्रतिशत की मामूली ब्याज दर पर 20 लाख रुपये तक का ऋण प्रदान किया जा रहा है। विदेश में शिक्षा प्राप्त करने वाले आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के छात्रों को भी इस योजना में कवर किया गया है। वर्तमान कांग्रेस सरकार ने विधवा निराश्रित, परित्यक्त और विकलांग महिलाओं के बच्चों की शिक्षा और कल्याण के लिए वित्तीय सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री सुख शिक्षा योजना भी शुरू की है।

  इसके उपरांत शिक्षा मंत्री ने नगरोटा के गांधी ग्राउंड में बाल मेले का शुभारंभ किया तथा बाल मेले के भव्य आयोजन के लिए मेला कमेटी की बधाई देते हुए कहा कि विकास पुरूष स्व जीएस बाली ने पूरे प्रदेश के लिए समर्पण भाव के साथ कार्य किया है तथा उनके विकास के कार्य आज भी आम जनमानस को लाभांवित कर रहे हैं।

 इस अवसर पर पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए कहा कि विकास पुरूष स्व. जीएस बाली ने नगरोटा विस क्षेत्र को शिक्षा के क्षेत्र में एक अलग पहचान दिलाई है। उन्होंने कहा कि इस विस क्षेत्र में मेडिकल कालेज, फार्मेसी कालेज, इंजीनियरिंग कालेज, आईटीआई एवं चंगर क्षेत्र में दर्जनों सीनियर सेकेंडरी स्कूल विकास पुरूष जीएस बाली की ही देन हैं। उन्होंने कहा कि नगरोटा कालेज के लिए गर्ल्ज हाॅस्टल तथा डे बोर्डिंग स्कूल की सौगात देने के लिए भी सरकार का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक सुरेंद्र काकु, पूर्व विधायक तिलक राज शर्मा, कांग्रेस के प्रत्याशी रहे डा. पुष्पेंद्र वर्मा बाल मेला कमेटी अध्यक्ष चौधरी मान सिंह सहित गण मान्य लोग उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *