Spread the love

शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से 30 मई को शिमला में होने वाली जयहिंद सभा में बढ़-चढ़ कर भाग लेने का आह्वान किया है।

बुधवार को कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में शिमला ग्रामीण ब्लॉक के पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिशानिर्देश पर देश के वीर जवानों के सम्मान में कांग्रेस देशभर में जयहिंद सभाओं का आयोजन कर रही है। इसी के तहत शिमला में भी जयहिंद सभा का आयोजन प्रदेश कांग्रेस कर रही है। उन्होंने पार्टी के सभी नेताओं, पूर्व पदाधिकारियों,अग्रणी संगठनों सेवादल,महिला कांग्रेस,युवा कांग्रेस, इंटक, एनएसयूआई पार्टी के सभी विभागों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को इसमें शामिल होने को कहा है।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव प्रदेश मामलों के सह प्रभारी विदित चौधरी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस जयहिंद सभा के द्वारा अपने वीर सैनिकों के सम्मान में यह कार्यक्रम आयोजित कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस पूरी तरह एकजुट और मजबूत है। उन्होंने कहा कि अगर संगठन मजबूत होगा तो सरकार भी मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रदेश में पीसीसी, जिला व ब्लॉक कार्यकारिणी घोषित कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन में पार्टी के उन कार्यकर्तओं को अहम जिम्मेदारी दी जाएगी जो संगठन के कार्यो को पूरा समय दे सकें।

लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बैठक में उपस्थित पार्टी कार्यकर्ताओं से जयहिंद सभा में अधिक से अधिक लोगों को लाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकार में संगठन सर्वोपरि होता है और सभी को संगठन के दिशा निर्देश का पालन करना चाहिए। उन्होंने विदित चौधरी से आग्रह किया कि प्रदेश में जल्द ही पीसीसी, जिला व ब्लॉक कार्यकारणी घोषित की जाए जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं को जिम्मेवारियां दी जा सकें।

पूर्व विधायक चिरंजीव लाल कश्यप ने अपने सम्बोधन में कहा कि जल्द से जल्द संगठन का गठन किया जाना चाहिए।

कसुंपटी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी की बैठक

विदित चौधरी ने इसके उपरांत कुसुम्पटी ब्लॉक,  के पूर्व पदाधिकारियों व पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर 30 मई को जयहिंद सभा में लोगों को लाने के लिये दिशानिर्देश दिए। उन्होंने इस दौरान संगठन के गठन को लेकर भी उनकी राय जानी। चौधरी ने उन्हें भरोसा दिया कि अब जल्द ही कार्यकारणी घोषित कर दी जाएगी, जिससे संगठन के सभी कार्यों में तेजी लाई जा सके। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *