शिमला। पर्यावरण सुरक्षा और शिमला नगर को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए शिमला स्मार्ट सिटी परियोजना में साईकलिंग के लिए विशेष प्रावधान किया जाएगा। शहरी विकास, आवास, नगर नियोजन मंत्री सुरेश भारद्वाज ने हिमालयन एडवेंचर स्पोर्ट्स एंड टूरिज्म ऐसोसिएशन शिमला द्वारा आयोजित साईकिल दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के दौरान यह बात कही।
शहरी विकास मंत्री ने कहा कि साईकिल शिमला शहर की पूर्व में पहचान रही है। इससे स्वच्छता, पर्यावरण शुद्धता के साथ-साथ स्वस्थ एवं चुस्त शरीर निमार्ण का भी लाभ मिलता है। उन्होंने बताया कि ऐसोसिएशन द्वारा पिछले 16 वर्षों से राष्ट्रीय एवं अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर इस दौड़ का आयोजन किया जा रहा है। कोरोना संकट काल के दृष्टिगत इस वर्ष राष्ट्रीय एवं अन्तरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों का शुमार इस दौड़ में संभव नहीं हो पाया। भारद्वाज ने कहा कि आज की दौड़ में शिमला नगर के 6 वर्ष से 65 वर्ष आयु वर्ग के 80 महिला एवं पुरूष साईकिलस्टों ने भाग लिया। उन्होने कहा कि पर्यटन की दृष्टि से भी इस दौड़ का अत्यधिक महत्व है। इस दौड़ में सचिव शहरी विकास रजनीश कुमार तथा आयुक्त नगर निगम पंकज राय ने भी भाग लिया।
ऐसोसिएशन के अध्यक्ष मोहित सूद ने बताया कि लोगों को अधिक से अधिक साईकिल अपनाने और साईकिल सवारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से न केवल शिमला, बल्कि हिमाचल के विभिन्न क्षेत्रों में संस्था द्वारा अन्तरराष्ट्रीय स्तर की दौड़ों का आयोजन किया जाता रहा है, जिसमें विभिन्न देशों के साईकिल सवारों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए साईकिल क्लब की स्थापना की गई है तथा स्थानीय साईकिल सवारों को राष्ट्रीय एवं अन्तरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रशिक्षित व प्रोत्साहित किया जाता है। उन्होंने बताया कि आज की दौड़ को 8 किमी. के दायरे में केन्द्रित किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य शिमला नगर के ऐतिहासिक भवनों के पर्यटन मानचित्र पर पहचान दिलाना है।
इस अवसर पर नगर निगम महापौर सत्या कौंडल, उप महापौर शैलेन्द्र चौहान, पार्षद डा. किमी सूद, जगजीत बग्गा, आरती चौहान, दीपक शर्मा, राजेन्द्र चौहान, हिमफैड के अध्यक्ष गणेश दत्त, मण्डलाध्यक्ष राजेश शारदा, सचिव शहरी विकास रजनीश कुमार, उपायुक्त शिमला अमित कश्यप, पुलिस अधीक्षक मोहित चावला, आयुक्त नगर निगम पंकज राय, उप निदेशक अभिलेखागार एवं भाषा कला एवं संस्कृति विभाग प्रेम प्रशाद पंडित उपस्थित थे।
