शिमला। हिमाचल प्रदेश में शिक्षा विषय को कॉलेजों में पुनः शुरू करवाने, संबंधित विषय की रिक्त पदों को शीघ्र भरने तथा चार वर्षीय एकीकृत शिक्षक शिक्षा कार्यक्रम को जल्द प्रारंभ करने की मांग को लेकर हिमाचल प्रदेश शिक्षक प्रशिक्षक संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर तथा शिक्षा सचिव राकेश कंवर से भेंट की।
प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षण क्षेत्र में शिक्षा विषय की महत्ता को रेखांकित करते हुए माँग रखी कि सरकार कॉलेज स्तर पर शिक्षा विषय को दोबारा सशक्त रूप से लागू करे, जिससे योग्य विद्यार्थियों को अध्यापन क्षेत्र में उचित अवसर मिल सके। इसके अतिरिक्त संघ ने चार वर्षीय एकीकृत शिक्षक शिक्षा कार्यक्रम जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम को शीघ्र प्रारंभ करने की अपील की, जिससे राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से प्राप्त किया जा सके। संघ ने सुखाश्रय योजना के लिए 21000 रुपए का योगदान भी दिया।
संघ की अध्यक्ष दीक्षा वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बात को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि सरकार इस विषय पर शीघ्र विचार करेगी और योग्य कदम उठाएगी।
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संघ की अध्यक्ष दीक्षा वर्मा ने किया। उनके साथ मुकेश कुमार (उपाध्यक्ष), तिलक, संदीप बौद्ध, सुकृति ठाकुर, विजय सिंह, प्रतिभा, ऐश्वर्या, विजय सुमन, ललित शर्मा और स्वाति ठाकुर उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने आशा व्यक्त की कि सरकार की सकारात्मक पहल से शिक्षा विषय को नया बल मिलेगा और राज्य में योग्य शिक्षक तैयार करने की दिशा में प्रभावशाली कदम उठाए जाएंगे।
