शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने संविधान निर्माता भारत रत्न बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की जयंती पर प्रदेशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि डॉक्टर भीमराव अंबेडकर ने संविधान में नागरिकों के अधिकारों व कर्तव्यों का एक ऐसा ग्रन्थ है, जिसका हमें सच्चे मन से पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि संविधान ने हमें देश के लोकतंत्र को मजबूत करने के लिये जो अधिकार दे रखा है वह पूरे विश्व में भारत की एक अलग ही पहचान दिलाता है।
प्रतिभा सिंह ने भाजपा की कटाक्ष करते हुए कहा है कि आज केंद्र में एक ऐसी तानाशाह सरकार बैठी है जो देश के लोकतंत्र व संविधान को कमजोर करने की पुरजोर कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है। देश में धर्म के आधार पर आपसी भाईचारे को भी कमजोर करने व धुर्वीकरण की राजनीति से लोकतंत्र का ह्रास किया जा रहा है।
प्रतिभा सिंह ने सभी से संविधान की रक्षा के लिये एकजुट होने का आह्वान करते हुए कहा कि देश के नागरिकों विशेष तौर पर युवाओं पर एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी है, जिसके लिए उन्हें आगे आना चाहिए और यही बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर को उनकी जयंती पर हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
