बिलासपुर। बिलासपुर जिले के घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र की हटवाड़ पंचायत में शनिवार को विकास की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नगर नियोजन, आवास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने चार प्रमुख भवनों का लोकार्पण किया। इन भवनों में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हटवाड़ का आर्ट एंड क्राफ्ट भवन, कनिष्ठ अभियंता कार्यालय एवं आवास अनुभाग भवन, तथा युवक मंडल एवं महिला मंडल हटवाड़ भवन शामिल हैं।
इस मौके पर राजेश धर्माणी ने कहा कि 17.13 लाख की लागत से निर्मित आर्ट एंड क्राफ्ट भवन का उद्देश्य विद्यार्थियों में रचनात्मकता, कल्पनाशीलता और व्यावहारिक कौशल को विकसित करना है। उन्होंने कहा कि कला और शिल्प गतिविधियां बच्चों के मानसिक, शैक्षणिक और भावनात्मक विकास में सहायक होती हैं। ये गतिविधियां एकाग्रता, समस्या-समाधान और योजना निर्माण जैसे गुणों को निखारने के साथ-साथ तनाव और चिंता को कम करने में भी कारगर हैं। उन्होंने कहा कि यह भवन विद्यार्थियों और स्थानीय समुदाय के लिए रचनात्मक अभिव्यक्ति और मानसिक स्वास्थ्य के संवर्धन का माध्यम बनेगा।
धर्माणी ने 16.33 लाख रुपए की लागत से बने कनिष्ठ अभियंता कार्यालय एवं आवास अनुभाग भवन का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि यह भवन प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने और कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने 8 लाख रुपए की लागत से निर्मित युवक मंडल एवं महिला मंडल भवन का भी उद्घाटन किया।
राजेश धर्माणी ने कहा, “महिलाओं का दैनिक जीवन अत्यंत व्यस्त होता है। ऐसे में उन्हें महीने में एक-दो दिन अपने लिए अवश्य निकालना चाहिए। इस भवन के माध्यम से वे योग, आयुर्वेदिक स्वास्थ्य, मनोरंजन और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेकर खुद को न केवल स्वस्थ और ऊर्जावान रख सकती हैं, बल्कि तनावमुक्त जीवन भी जी सकती हैं।”
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने महिला मंडल को 25000 रुपए की राशि आवश्यक सामग्री की खरीद के लिए देने की भी घोषणा की। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इस भवन का रचनात्मक कार्यों और सामाजिक गतिविधियों में भरपूर उपयोग करें और नशे जैसी बुराइयों से दूर रहते हुए समाज के लिए एक प्रेरणा बनें। उन्होंने कहा कि यह भवन युवाओं के लिए सकारात्मक ऊर्जा का केंद्र बनेगा।
