Spread the love

किन्नौर जिला के टापरी में 1 करोड़ 50 लाख रुपये की राशि से निर्मित विपणन यार्ड के उन्नयन एवं बास्केटबॉल कोर्ट टापरी का उद्घाटन किया

रिकांगपिओ। राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन-शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने वीरवार को जनजातीय जिला किन्नौर के टापरी में 1 करोड़ 50 लाख रुपये की राशि से निर्मित विपणन यार्ड के उन्नयन एवं बास्केटबॉल कोर्ट टापरी का उद्घाटन किया।

राजस्व मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू किसानों एवं बागवानों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं तथा किन्नौर में बागवानी को नए आयाम देने के लिए हर संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिला किन्नौर में घर-द्वार के निकट विपणन यार्ड स्थापित किए जा रहे हैं ताकि लघु सीमांत किसानों एवं बागवानों को लाभ मिल सके और उनकी आय में वृद्धि हो सके।

जगत सिंह नेगी ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने यूनिवर्सल कार्टन लागू कर बागवानों को राहत पहुँचाई है तथा न्यूनतम समर्थन मूल्य 12 रुपये घोषित किया गया है तथा पूर्व भाजपा सरकार की बागवानों के प्रति देनदारियों का भुगतान कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त बाहरी देशों से आ रहे सेब पर आयात शुल्क बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं ताकि राज्य की अर्थव्यवस्था को बचाया जा सके और वैश्विक स्पर्धा के लिए किसानों-बागवानों को नवीनतम तकनीकों से अवगत करवाया जा रहा है। 

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पूर्व भाजपा सरकार 75 हजार करोड़ रुपये का बोझ विरासत में प्रदेशवासियों को छोड़कर गई थी तथा वर्तमान प्रदेश सरकार वित्तीय अनुशासन एवं नवीन पहल से राज्य की अर्थव्यवस्था को पटरी में लाने की दिशा में निरंतरता से आगे बढ़ रही है तथा प्रदेश को आत्मनिर्भर करने की दिशा में अहम कदम उठाए जा रहे हैं।

जनजातीय विकास मंत्री ने बताया कि आपदा प्रभावितों को प्रदेश सरकार ने राहत प्रदान की है और निराश्रितों एवं निर्धन वर्गों के कल्याण के लिए व्यवस्था परिवर्तन के दौर में विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को कार्यन्वित किया जा रहा है जिसके परिणाम धरातल पर दिख रहे हैं।

इस दौरान राजस्व मंत्री ने स्थानीय महिला मण्डल को सांस्कृतिक प्रस्तुति के लिए 15 हजार रुपये की राशि प्रदान करने की घोषणा की।

इस अवसर पर कृषि विभाग द्वारा किसान मेले का भी आयोजन किया गया तथा विशेषकर महिला किसानों-बागवानों एवं पशुपालकों को राज्य सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई और कृषि से संबंधित प्रचार-प्रसार सामग्री वितरित की गई।

इससे पूर्व एपीएमसी शिमला-किन्नौर के निदेशक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष उमेश नेगी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा एपीएमसी विपणन यार्ड टापरी को सुदृढ़ बनाने का आग्रह किया।

इसके उपरान्त एपीएमसी शिमला-किन्नौर-मण्डी के अध्यक्षत देवानंद वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि जनजातीय जिला किन्नौर के किसानों-बागवानों के उत्थान के लिए मण्डी समिति निरंतर कार्य कर रही है तथा इस दिशा में बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी सदैव तत्पर रहते हैं।

इस अवसर पर किनफैड के अध्यक्ष चंद्रगोपाल नेगी, निदेशक राज्य सहकारी बैंक पिताम्बर दास, जिला परिषद सदस्य हितैष नेगी, महिला कांग्रेस अध्यक्षा सरोज नेगी, निचार ब्लॉक कांग्रेस समिति के अध्यक्ष बीर सिंह नेगी, पूह ब्लॉक कांग्रेस समिति के अध्यक्ष प्रेम कुमार नेगी, जिला इंटक अध्यक्ष मान चंद नेगी, निदेशक किनफैड सचिन नेगी, निचार महिला कांग्रेस अध्यक्षा आशा नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सोनम नेगी, जिला कृषि अधिकारी ओम प्रकाश बंसल, एपीएमसी के सचिव पवन कुमार सैणी सहित कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारीगण एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *