शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने आरोप लगाया है कि राज्य में खनन और चिट्टा माफिया का तांडव हिमाचल प्रदेश की सुखविन्द्र सिंह सुक्खू सरकार में लगातार दनदना रहा है। मण्डी में सब डिविजीनल मैजिस्ट्रेट के उपर खनन माफिया के लोगों द्वारा किया गया जानलेवा हमलाा इनकी बढ़ती हुई ताकत और दादागिरी का ज्वलंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से इलाके के सबसे बड़े अधिकारी, जो मैजिस्ट्रेट भी हैं, उनके ऊपर पत्थरों से, डंडों और बांउसर्स के द्वारा हमला कराना, हिमाचल प्रदेश की सरकार के लिए खुली चुनौती है।
डाॅ. बिन्दल ने कहा कि यह वाक्या बारी-बारी से हर जिले में दोहराया जा रहा है। सोलन जिला का बद्दी-बरोटीवाला इसका केन्द्र बिन्दु बना और माफिया के हौसले इस कदर बुलंद हुए कि राजनीतिक संरक्षण ने बड़े-बड़े अफसरों की बोलती बंद कर दी। जिला ऊना, जिला सिरमौर, जिला कांगड़ा, जिला हमीरपुर और जिला बिलासपुर भी इसकी मार से ग्रस्त है। उन्होंने कहा कि जगह-जगह पर चिट्टा माफिया, खनन माफिया और शराब माफिया द्वारा गोलियां चलाना, पुलिस, वन विभाग के लोग और माइनिंग गार्डस की पिटाई होना, आम बात हो गई है और सरकार और मुख्यमंत्री मूकदर्शक बन कर बैठे हैं।
डाॅ. बिन्दल ने कहा कि चिट्टे के प्रचलन से प्रदेश की युवा पीढ़ी बर्बाद हो रही है और खनन माफिया द्वारा प्रदेश के बहुमूल्य पर्यावरण एवं संसाधनो को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। इससे प्रदेश की कानून व्यवस्था तार-तार हो रही हैै और कांग्रेस सरकार मूकदर्शक बनी है।
