शिमला। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को ठेकेदारों की चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा है कि सरकार समय-समय पर ठेकेदारों के बकाया भुगतान कर रही है। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर भी स्वयं मुख्यमंत्री रह चुके हैं, और उन्हें समझना चाहिए कि प्रदेश की वित्तीय स्थिति क्या है। विभाग की ओर से चरणबद्ध तरीके से ठेकेदारों को उनके द्वारा किए गए कार्यों का भुगतान किया जा रहा है।
बता दें कि प्रदेश में लोक निर्माण विभाग में ठेकेदारों की पेंडिंग पेमेंट को लेकर नेता प्रतिपक्ष सहित भाजपा नेता लगातार सरकार व विभाग पर हमले कर रहे हैं। जिस पर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि मंगलवार को ही मुख्यमंत्री के साथ हाई पावर कमेटी की बैठक हुई है, जिसमें मुख्यमंत्री ने 80 करोड़ रुपए लोक निर्माण विभाग को जारी करने को कहा है, जिससे ठेकेदारों की पेंडिंग पेमेंट का भुगतान किया जाएगा।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि आर्थिक संकट के चलते कुछ समय के लिए भुगतान नहीं किया गया था, लेकिन ऐसा नहीं है कि ठेकेदारों को उनके कार्यों के भुगतान नहीं किया जाएगा। सरकार हर वर्ग का ध्यान रख रही है।
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि वर्तमान और भविष्य में अब ग्रामीण क्षेत्रों में कोई भी सड़क एक इंच तक नहीं बनाई जाएगी, जिसकी गिफ्ट डीड का प्रोसेस पूरा न हुआ हो। उन्होंने कहा कि विभाग के नाम जमीन हुए बिना सड़कों का निर्माण शुरू नहीं हो पाएगा। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश में नई सडक़ों का निर्माण में जब तक उसकी गिफ्ट डीड सही तरीके से नहीं की जाती है। तब तक सडक़ नहीं बनाई जाएगी। कई लोग सड़क बनने के बाद हाईकोर्ट में जाते हैं और मुआवजे की मांग करते हैं। ऐसे में अब उन्हीं सडक़ों का निर्माण प्राथमिकता पर किया जाएगा जहां पर गिफ्ट डीड पूरा हो जाता है।
