स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरित राष्ट्रीय युवा दिवस पर शिमला में विशेष कार्यक्रम का आयोजन
शिमला। भाजपा जिला शिमला युवा मोर्चा ने रविवार को युवा दिवस का आयोजन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष हनीश चोपड़ा ने की। इस मौके पर प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, पूर्व मंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष सुरेश भारद्वाज, उपाध्यक्ष संजीव कटवाल, कोषाध्यक्ष कमलजीत सूद, मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा, जिला अध्यक्ष केशव चौहान, वरिष्ठ नेता गणेश दत्त एवं रूपा शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन ने अपने संबोधन में युवाओं को स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि 1984 में 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए राष्ट्रीय युवा दिवस घोषित किया गया। इस दिन का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और राष्ट्र सेवा की भावना जागृत करना है।
पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज ने अपने संबोधन में भारत के 2047 तक स्वतंत्रता के शताब्दी वर्ष के लक्ष्यों की ओर इशारा करते हुए कहा कि देश का युवा “विकसित भारत” के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री के एक लाख युवाओं को राजनीति में शामिल करने के अभियान की चर्चा की और इसे एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद के शिकागो में दिए गए ऐतिहासिक भाषणों की चर्चा करते हुए भारद्वाज ने कहा कि उनके विचार युवा शक्ति को विषम परिस्थितियों में भी कर्म पथ पर निरंतर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर अक्षय भरमौरी, प्यार सिंह कंवर, सुशील राठौर, कुसुम सदरेट, गौरव कश्यप, सूर्य मेहता, अभिमन्यु शर्मा, मदन शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
