Spread the love

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ताल के मेधावी विद्यार्थियों को बांटे पुरस्कार

हमीरपुर। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने शुक्रवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ताल के वार्षिक उत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया।

 इस अवसर पर सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को बधाई देते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शैक्षणिक ढांचे में कई बड़े सुधार कर रही है, ताकि आम परिवारों के बच्चों को भी बेहतरीन शिक्षा उपलब्ध हो सके।

 उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री राजनीति से ऊपर उठकर आम जनता के हित में कार्य कर रहे हैं। वह हमीरपुर जिला को कई बड़े-बड़े प्रोजेक्टों से संवार रहे हैं। मुख्यमंत्री ने हमीरपुर को मेडिकल कालेज, बस स्टैंड और नगर निगम जैसे बड़े तोहफे दिए हैं। सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि जोल सप्पड़ में बन रहे डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कालेज हमीरपुर के नए परिसर में कैंसर केयर संस्थान, नर्सिंग कॉलेज और एक अलग मातृ-शिशु अस्पताल की स्थापना की जाएगी, जिससे यह कॉलेज एक बेहतरीन चिकित्सा संस्थान के रूप में अपनी एक अलग पहचान बनाएगा। उन्होंने कहा कि हमीरपुर में कई वर्षों से लटके अंतर्राज्यीय बस अड्डे के लिए मुख्यमंत्री ने करोड़ों रुपये का प्रावधान किया है और इसका कार्य युद्ध स्तर पर करवाया जा रहा है।

 उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने बेसहारा बच्चों के लिए सुख आश्रय जैसी योजना आरंभ करके पूरे देश में एक मिसाल कायम की है। इसी प्रकार समाज के अन्य वर्गों के लिए भी मुख्यमंत्री कई सराहनीय योजनाएं लाए हैं।

  राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ताल के गौरवमयी इतिहास की चर्चा करते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि यह संस्थान कांग्रेस के शासनकाल में खोला गया और इसे लगातार स्तरोन्नत करने में भी कांग्रेेस की सरकारों का योगदान रहा। उन्होंने कहा कि 1947 के बाद हमारे देश और प्रदेश ने जो भी ऊंचे मुकाम हासिल किए हैं, उनकी नींव कांग्रेस की सरकारों ने ही रखीं थीं।

 इस अवसर पर सुनील शर्मा बिट्टू ने कैनरा-रोबैको कंपनी की ओर से विद्यार्थियों को साइकलें भी वितरित कीं। उन्होंने इसके लिए कैनरा-रोबैको कंपनी के बिजनेस प्रमुख अरुण सरीन, उनके पिता दीनानाथ सरीन और अन्य परिजनों की सराहना की।

 इससे पहले, कैनरा-रोबैको कंपनी के बिजनेस प्रमुख अरुण सरीन ने भी अपने विचार रखे तथा कंपनी की ओर से किए जा रहे सामाजिक उत्तरदायित्व कार्यों की जानकारी दी। प्रधानाचार्य सुभाष चंद ने मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों का स्वागत किया तथा स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

  समारोह में एपीएमसी के अध्यक्ष अजय शर्मा, राज्य खाद्य आपूर्ति निगम के निदेशक मंडल के सदस्य विक्रम शर्मा, राज्य वन विकास निगम के निदेशक मंडल के सदस्य नीलम ठाकुर, कांग्रेस के पदाधिकारी, एसएमएसी अध्यक्ष, विभिन्न स्कूलों के शिक्षक और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *