बोले – महंगाई की मार और वादाखिलाफी की सरकार है कांग्रेस सरकार
शिमला। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता चेतन सिंह बरागटा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के बिजली सब्सिडी छोड़ने के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, “मुख्यमंत्री सुक्खू द्वारा संपन्न लोगों से सब्सिडी छोड़ने की अपील की गई है, लेकिन असल सवाल यह है कि क्या कांग्रेस सरकार जनता से किए गए वादों को निभाने में सफल रही है? क्या इस सरकार ने अपनी जिम्मेदारियों को सही तरीके से निभाया है?”
बरागटा ने कहा, “हम जानते हैं कि भाजपा सरकार के समय हर परिवार को 125 यूनिट बिजली मुफ्त मिलती थी, जबकि कांग्रेस ने चुनावों से पहले वादा किया था कि सत्ता में आते ही हर परिवार को 300 यूनिट बिजली मुफ्त मिलेगी। लेकिन आज कांग्रेस सरकार ने यह वादा तोड़ दिया है और जनता को सिर्फ धोखा दिया है।”
बरागटा ने कहा, “पीडीएस के तहत मिलने वाले राशन के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पेट्रोल और डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं। स्टाम्प पेपर की कीमत बढ़ा दी गई है। व्यापारियों के लिए कमर्शियल बिजली की दरें बढ़ाई गई हैं।नक्शा पास कराने की फीस में इजाफा हुआ है।”
बरागटा ने सवाल उठाते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार जनता को ‘आत्मनिर्भर’ बनने की सलाह दे रही है, लेकिन उनकी खुद की नीतियां आम आदमी को कमजोर कर रही हैं। उन्होंने पूछा कि कांग्रेस सरकार ने जो वादा किया था, क्या उसे निभाने में वह सक्षम है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को पहले अपना वादा निभाना चाहिए और जनता को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देना चाहिए, फिर इस तरह की बातें करनी चाहिए।
चेतन बरागटा ने कहा कि हिमाचल की जनता को अब दिखावे की नहीं, बल्कि वास्तविक राहत की आवश्यकता है। उन्होंने कांग्रेस सरकार से मांग की कि वह जनता की जेब पर चोट करने की बजाय अपने वादों को निभाए।
