शिमला। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार पर जमकर निशाने साधे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सुक्खू सरकार अपना दो साल का जश्न मना रही है। लेकिन सवाल यह है कि यह सरकार क्या हिमाचल को बरबाद करने का जश्न मना रही है। क्योंकि आज पूरा देश जान चुका है कि हिमाचल की वित्तीय स्थिति कैसी है। उन्होंने सवाल किया कि सुक्खू सरकार ने प्रदेश की जनता को दी 10 गारंटियों में से कितनी पूरी की। उन्होंने कहा कि भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस सरकार ने कोई भी गारंटी पूरी नहीं की। उन्होंने चुनौती दी कि यदि कांग्रेस ने गारंटियां सौ फीसदी लागू की है तो भाजपा, उनके द्वारा लगाए गए आरोपों पर माफी मांगेगी और यदि पूरी नहीं की है तो सुखविंदर सिंह सुक्खू मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे। इसलिए मुख्यमंत्री को बताना होगा कि क्या गारंटियां सौ फीसदी लागू हुई हैं या नहीं। वे यहां प्रेस कांफ्रेंस में बोल रहे थे।
गौरव भाटिया ने आरोप लगाया कि एक परिवार में कांग्रेस का पूरा संसार बसा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सत्ता में आने पर कांग्रेस सबको ठगने का काम करती है। उन्होंने साफ कहा कि जनता से इस तरह की वादाखिलाफी करने वालों की भाजपा ईंट से ईंट बजाएगी। भाटिया ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने यहां विधानसभा चुनावों के समय जो गारंटियां दी थी, वह सब फेल हो गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू राज्य की सभी 28 लाख महिलाओं को 1,500 रुपए प्रतिमाह देने, 2 वर्ष में 2 लाख युवाओं को नौकरी देने, सबको 300 यूनिट फ्री बिजली देने और पशुपालकों से 100 रुपए लीटर के हिसाब से दूध खरीदने में फेल रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार की इस विफलता को लेकर भाजपा एक सप्ताह तक जनता के बीच जाकर अभियान चलाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश को बर्बादी के कगार पर पहुंचाने का जश्न नहीं मना सकती।
गौरव भाटिया ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुक्खू ने सरकारी कोष को मित्रों पर लुटाने का काम किया है। इस कारण अब नौबत यहां तक आ गई है कि कर्मचारियों को वेतन व पैंशनरों को पैंशन देने के लिए पैसे नहीं है। उन्होंने कहा कि जब कठिन वित्तीय हालात का सरकार को आभास था, तो झूठी गारंटियां क्यों दी गई और सत्ता में आने पर मित्रों के ऊपर धन क्यों लुटाया? उन्होंने कहा कि आज हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार को समोसे नहीं मिलने पर उसकी सीआईडी जांच करने और टॉयलैट टैक्स लगाने जैसे निर्णय लेने के कारण पूरे देश में हंसी का पात्र बनकर रह गई है।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार ने जनता से वादा किया था कि वह तीन सो यूनिट बिजली फ्री देंगे। सुक्खू सरकार ने वह तो नहीं दी, लेकिन प्रदेश की जनता से पहले से मिलने वाली निशुल्क 125 यूनिट बिजली का लाभ छीन लिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मिलने वाले निशुल्क पानी का बिल जनता पर थोप दिया है। वहीं, स्टांप ड्यूटी में 500 फीसदी की बढ़ोतरी कर दी गई है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में बनने वाला सीमेंट प्रदेश में महंगा किया गया है और डीजल पर 7 रुपए प्रति लीटर वैट लगाकर महंगाई को कम करने के बजाय और बढ़ाया है।
गौरव भाटिया ने कहा कि देश के अन्य राज्यों की तरह हिमाचल प्रदेश की मदद करने में केंद्र सरकार पीछे नहीं हटेगी। इसी कारण केंद्र ने प्रदेश को 1 लाख करोड़ रुपए के फोरलेन प्रोजेक्ट और टनल, पीएमजीएसवाई के तहत 3 हजार करोड़ रुपए, बिना शर्त 1.11 लाख आवास स्वीकृति और आपदा के समय 1,800 करोड़ रुपए की मदद की है। इसके अलावा एम्स, बल्क ड्रग पार्क और मैडिकल डिवाइस पार्क जैसे बड़े प्रोजैक्ट स्वीकृत किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने पूर्व भाजपा सरकार के समय में शुरू की गई हिमकेयर योजना, सहारा योजना, प्राकृतिक खेती-खुशहाल किसान और स्वाबलंबन योजना को बंद किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा आने वाले दिनों में कांग्रेस सरकार के खिलाफ आंदोलन करेगी और जनता को इस सरकार की असलियत बताएगी। साथ ही गारंटियों की सच्चाई बताएगी तथा इसके कारण प्रदेश की बदहाली की असलियत भी सामने लाएगी। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, विधायक बलबीर वर्मा के अलावा पार्टी नेता संजीव कटवाल, संजय सूद, कर्ण नंदा, संजीव देष्टा भी मौजूद थे।
