Spread the love

शिक्षा मंत्री की अध्यक्षता में पावर कॉरपोरेशन के साथ हुई बैठक 

शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के अफसरों के‌ साथ सोमवार को सरस्वती सदन हाटकोटी में बैठक की। इस बैठक में क्षेत्र के कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई। 

शिक्षा मंत्री ने कहा कि आंटीगली, चौरी कॉलोनी और चामसु नाला की सड़कों में टायरिंग पिछले कई सालों से नहीं हुई है। इस वजह से क्षेत्र के लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रोजेक्ट के अधिकारियों को निर्देश दिए कि उक्त तीनों मार्गों पर तुरंत टारिंग का कार्य शुरू किया जाए। इसके साथ ही इन तीनों सड़कों का रखरखाव कार्य लोक निर्माण विभाग को सौंपने की प्रक्रिया पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने इसकी सारी औपचारिकताएं पूरी करने के भी निर्देश दिए। उक्त तीनों सड़कों का निर्माण हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड द्वारा करवाया गया था। उन्होंने लाडा की राशि तुरंत जारी करने के निर्देश दिए। 

रोहित ठाकुर ने कहा कि स्थानीय लोगों की मांग है कि प्रोजेक्ट की जनरेशन का एक फीसदी हिस्सा प्रभावितों के ऊपर खर्च किया जाए। उन्होंने प्रोजेक्ट प्रशासन को आदेश दिए साइट पर सौंदर्यीकरण को बढ़ावा दिया जाए और बायो फेंसिंग के लिए प्रशासन कार्य करें। 

कैबिनेट मंत्री ने विषकेल्टी में मोक्ष धाम के लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने अस्तु घाट के निर्माण कार्य को भी शीघ्र शुरू करने को कहा। इससे क्षेत्र के हजारों लोगों की सुविधाएं मिलेगी। उन्होंने स्थानीय लोगों और प्रोजेक्ट के अधिकारियों के साथ चौरी कॉलोनी में डिस्पेंसरी के मामले पर विस्तृत रिपोर्ट पेश करने के आदेश जारी किए। उन्होंने कहा कि जुब्बल-कोटखाई क्षेत्र की 90 फीसदी सड़कें पक्की हो चुकी है। इसके अलावा शेष सड़कों का निर्माण कार्य सरकार की प्राथमिकता में है।उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों में समय-समय पर टायरिंग और अन्य मरम्मत कार्य करते रहे ताकि आम जनता को बेहतर सड़क सुविधा मिल सके।

इस मौके पर निदेशक (कार्मिक एवं वित्त) हिमाचल प्रदेश शिवम प्रताप सिंह, पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के  डीजीएम राजन परमार सहित स्थानीय अधिकारी, जन प्रतिनिधि मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *