शिमला। भाजपा ने हिमाचल की कांग्रेस सरकार के दो वर्ष का कार्यकल पूरा होने के मौके पर इसे घेरने का पूरा खाका तैयार कर लिया है। भाजपा नेता और कार्यकर्ता प्रदेश की सुक्खू सरकार को घेरने के लिए जिला स्तर पर घेरेंगे और इस सरकार की नाकामियों को उजागर करेंगे। साथ ही राज्यपाल को ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। यह बात भाजपा के प्रदेश महामंत्री बिहारी लाल शर्मा ने शनिवार को यहां कही।
बिहारी लाल शर्मा ने बताया कि भाजपा जिला स्तर पर विशाल प्रदर्शनों का आयोजन करेगी और राज्यपाल को सरकार के खिलाफ एक ज्ञापन भी सौंपेगी। यह ज्ञापन 11 दिसंबर को सौंपा जाएगा। उन्होंने बताया कि 7 दिसंबर को भाजपा हिमाचल प्रदेश जिला चंबा, कुल्लू, ऊना और सिरमौर में प्रदर्शनों का आयोजन करने जा रही है। इसमें जिला चंबा में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज एवं राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन उपस्थित रहेंगे। इसी प्रकार से कुल्लू में भाजपा नेता विपिन परमार, कंगना रनौत, ऊना जिला में पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, महामंत्री प्रदेश सिकंदर कुमार और सिरमौर जिला में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, सांसद सुरेश कश्यप, इंदु गोस्वामी उपस्थित रहेंगे।
बिहारी लाल ने बताया कि 9 दिसंबर को जिला मंडी एवं सुंदरनगर, जिला हमीरपुर, सोलन एवं बिलासपुर में प्रदर्शनों का आयोजन होगा। इसमें मंडी में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर एवं सांसद कंगना रनौत, हमीरपुर में पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर एवं विक्रम ठाकुर, सोलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, सांसद सुरेश कश्यप और बिलासपुर में पूर्व मंत्री अनुराग ठाकुर एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती उपस्थित रहेंगे। उन्होंने बताया कि 10 दिसंबर को जिला शिमला एवं महासू का संयुक्त प्रदर्शन शिमला में होगा। इसमें प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, सांसद सुरेश कश्यप, डॉक्टर सिकंदर कुमार, राजीव भारद्वाज, कंगना रनौत, इंदु गोस्वामी एवं हर्ष महाजन उपस्थित रहेंगे। 10 दिसंबर को जिला देहरा में प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर, जिला किन्नौर में विधायक त्रिलोक जम्वाल एवं लाहौल स्पीति में पूर्व मंत्री गोविंद ठाकुर उपस्थित रहेंगे।
बिहारी लाल शर्मा ने बताया कि 18 दिसंबर को जिला कांगड़ा, पालमपुर, नूरपुर का प्रदर्शन धर्मशाला में होगा। इस कार्यक्रम के प्रभारी प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर रहेंगे और कार्यक्रम में प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल, केंद्रीय पूर्व मंत्री अनुराग ठाकुर, सांसद सुरेश कश्यप, डॉक्टर सिकंदर कुमार, राजीव भारद्वाज, कंगना रनौत, इंदु गोस्वामी एवं हर्ष महाजन उपस्थित रहेंगे।
