शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी के गठन को लेकर कवायद तेज हो गई है। कार्यकारिणी के गठन को लेकर प्रदेश कांग्रेस के नेताओं से चर्चा करने के लिए पार्टी को दो राष्ट्रीय सचिव शिमला पहुंचे। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं प्रदेश मामलों के सह प्रभारी विदित चौधरी और चेतन चौहान ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह की अध्यक्षता में संगठन के गठन को लेकर एक बैठक की।
बैठक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री एवं पूर्व प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर कौल सिंह व कुलदीप कुमार के अतिरिक्त शिमला संसदीय क्षेत्र के पर्यवेक्षक ओमवीर यादव व कांगड़ा संसदीय क्षेत्र के प्रभारी शांतनु चौहान भी उपस्थित थे। इस बैठक में संगठन के स्वरूप को लेकर चर्चा की गई। साथ ही संगठन को कैसे निचले स्तर तक सक्रिय रखा जाए, इसे लेकर भी चर्चा की गई। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने अपनी बात राष्ट्रीय सचिवों के समक्ष रखी। इस दौरान कहा गया कि ग्रास रूट से जुड़े लोगों और खासकर युवाओं को इसमें तरजीह दी जाए।
इस बीच, मीडिया से अनौपचारिक बातचीत करते हुए चेतन चौहान ने कहा कि प्रदेश में जल्द ही नई कार्यकारणी घोषित कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन में इस बार नए ऊर्जावान और ग्रास रूट से जुड़े लोगों को आगे लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसी कारण प्रदेश के सभी जिलों में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने अपने पर्यवेक्षक नियुक्त किये हैं, जो पार्टी के सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं से उनके क्षेत्रों में जाकर बातचीत करेंगे। उधर, विदित चौधरी ने कहा कि इस बार प्रदेश में कांग्रेस संगठन जल्द नए स्वरूप में नज़र आएगा। बता दें कि कुछ दिनों पहले ही प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी और जिलों व ब्लाकों को भंग कर किया गया था।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिवों से मिलने वालों में कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार, पूर्व सीपीएस संजय अवस्थी, विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार, उप सचेतक केवल पठानिया, वन निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची, विधायक सुरेश कुमार, मलेंद्र राजन, पूर्व मंत्री राम लाल ठाकुर के अतिरिक्त पवन ठाकुर, चेतराम ठाकुर, विवेक कुमार, नरेश कुमार, करनेश जंग, सुरेंद्र पाल, सोहन लाल ठाकुर, डॉक्टर पुष्पेंद्र वर्मा, बम्बर ठाकुर, दयाल प्यारी प्रमुख थे।
कांग्रेस सरकार का दो साल का कार्यकाल रहा बेहतर – प्रतिभा सिंह
वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने इस दौरान मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रदेश में संगठन के गठन को लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने अपने दो सचिवों विदित चौधरी और नितिन चौहान को यहां भेजा है। उन्होंने कहा कि इन दोनों सचिवों के साथ संगठन के गठन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई है।
उधर, एक सवाल के जवाब में प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार का दो साल का कार्यकाल बेहतर रहा है। आपदा के बावजूद प्रदेश सरकार ने जिस प्रकार से अपने सीमित संसाधनों से लोगों को राहत प्रदान की, वह अपनेआप मे बहुत ही उल्लेखनीय है। केंद्र सरकार ने प्रदेश की कोई भी विशेष आर्थिक मदद नहीं की। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने ओपीएस लागू कर कर्मचारियों को दी अपनी गारंटी पूरी की है। इसके अतिरिक्त महिलाओं को 1500 रुपए प्रति माह देने की गारंटी को भी पूरा किया है। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार दूध के खरीद मूल्यों में भी बढ़ोतरी कर पशु पालकों को बड़ी राहत दी है।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि भाजपा प्रदेश के विकास में अपना कोई भी योगदान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का काम केवल सरकार की आलोचना करना ही रह गया है जो बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है।
एक अन्य प्रश्न के उत्तर में प्रतिभा सिंह ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी की जीत से कांग्रेस पार्टी को एक बड़ी मजबूती मिली है और अब संसद में प्रियंका गांधी महिलाओं की एक बहुत ही मजबूत आवाज बनेगी।
