Spread the love

शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया आस्ट्रेलिया के सिडनी में 5 से 8 नवम्बऱ, 2024 तक आयोजित होने वाले 67वें राष्ट्रमण्डल संसदीय सम्मेलन में भाग लेने सिडनी के लिए रवाना हो गए। इस सम्मेलन में भाग लेने उनके साथ विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार तथा विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा भी गए हैं।

 इस सम्मेलन में देश के सभी राज्य विधान मण्डलों के पीठासीन एवं उपपीठासीन अधिकारी तथा जिन राज्यों में विधान परिषद है, उनके पीठासीन अधिकारी भी गए हैं। इनमें केन्द्र शासित प्रदेशों के पीठासीन अधिकारी भी शामिल होंगे। इस सम्मेलन में राष्ट्रमण्डल संसदीय संघ भारत क्षेत्र के चेयरमैन तथा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी विशेष रूप  से उपस्थित रहेंगे। कुलदीप सिंह पठानिया राष्ट्रमण्डल संसदीय संघ भारत क्षेत्र जोन 2 के संयोजक भी हैं, जिसमें हिमाचल सहित पांच राज्य शामिल हैं।

कुलदीप सिंह पठानिया 8 नवम्बर तक इस सम्मेलन के लिए सिडनी में ही मौजूद रहेंगे। इस दौरान कुलदीप सिंह पठानिया अलग-अलग समय पर चर्चा के लिए चयनित 3 महत्वपूर्ण विषयों पर सम्मेलन के दौरान अपना सम्बोधन भी देंगे। सम्मेलन उपरान्त कुलदीप सिंह पठानिया तीन देशों क्रमश: न्यूजीलैंड, जापान तथा दक्षिण कोरिया के अध्ययन प्रवास पर रहेंगे। अध्ययन प्रवास के दौरान कुलदीप सिंह पठानिया इन देशों की राजनीतिक, आर्थिक तथा प्रशासनिक व्यवस्था का गहन अध्ययन करेंगे तथा सामरिक व पर्यटन दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थलों का भी भ्रमण करेंगे। 

विदेश दौरे से पूर्व पठानिया ने कहा कि राष्ट्रमण्डल संसदीय सम्मेलन एक महत्वपूर्ण आयोजन है जिससे पूरा विश्व एक मंच पर एकत्र होगा तथा सदभावना, वैश्विक विचारधारा तथा एकता व शांति का महासंगम देखने को मिलेगा। पठानिया ने कहा कि इस तरह के आयोजन ही पूरे विश्व को एक मंच पर ला सकते हैं, जबकि सभी देशों के हर राज्य से चुने हुए प्रतिनिधि अपने सम्बोधन के माध्यम से जहां विश्व में शांति व एकता का सन्देश देने की कोशिश करेंगे, वहीं अपने-अपने दृष्टिकोण से पूरे विश्व समुदायों को भी अवगत करवाने का प्रयास करेंगे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *