शिमला। डॉ. राकेश शर्मा और कुमारी नैन्सी अटल को प्रदेश के अग्रणी छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का क्रमशः प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश मंत्री चुना गया है। इनका चयन निर्विरोध किया गया है। यह घोषणा शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश के प्रदेश कार्यालय शिमला से की गई।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रदेश कार्यालय शिमला से चुनाव अधिकारी डॉ. चमन ठाकुर के अनुसार उक्त प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रदेश मंत्री का कार्यकाल एक वर्ष का होगा। ये दोनों पदाधिकारी 07 से 09 नवम्बर, 2024 को हमीरपुर में होने वाले प्रदेश अधिवेशन में पदभार ग्रहण करेंगे।
डॉ. राकेश कुमार शर्मा मूलतः सुन्दरनगर ज़िला मण्डी के स्थाई निवासी हैं। उनकी शिक्षा पी.एच.डी. (एजुकेशन) तक हुई है। उनका सम्पर्क विद्यार्थी परिषद से वर्ष 1993 से है। पूर्व में वह इकाई उपाध्यक्ष, नगर अध्यक्ष, प्रान्त कार्यकारणी सदस्य, जिला प्रमुख, विभाग प्रमुख, प्रान्त उपाध्यक्ष व सेवार्थ विद्यार्थी प्रांत प्रमुख जैसे दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। वर्तमान में हिमाचल प्रदेश की विद्यार्थी परिषद के प्रदेश अध्यक्ष हैं। वह हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला में शिक्षा विभाग में सहायक आचार्य के पद पर कार्यरत हैं। उनका निवास स्थान शिमला है। वह सत्र 2024-25 के लिए पुनः अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं।
वहीं, नैन्सी अटल मूलतः जिला सोलन के नालागढ़ की रहने वाली हैं। उनका विद्यार्थी परिषद से संपर्क वर्ष 2017 से है। उनकी शिक्षा एमए (सामाजिक कार्य) तक हुई है। पूर्व में उन्होंने इकाई छात्रा प्रमुख, इकाई सचिव, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, जिला संयोजक जिला सोलन, इकाई सह-सचिव हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय जैसे दायित्वों का निर्वहन किया है। वर्तमान में वह अभाविप हिमाचल प्रदेश की प्रदेश सह-मंत्री हैं। उनका केंद्र धर्मशाला है। वह सत्र 2024-25 के लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश की प्रदेश मंत्री के रूप में निर्वाचित हुई हैं।
