शिमला। प्रदेश भाजपा प्रवक्ता महेंद्र धर्माणी ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रदेश में अपनी सरकार और पार्टी की राजनीतिक स्थिति से निराश और हताश होकर जो बयानबाजी कर रहे हैं, वह मुख्यमंत्री के पद की गरिमा और हिमाचल की संस्कृति औऱ परम्परा के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि भुट्टो को कूटो, काला नाग, भेड़ या मेंढक जैसे शब्दों का प्रयोग करने के साथ-साथ विधानसभा का उपचुनाव लड़ रहे नेताओं के बारे में जिन अपशब्दों का प्रयोग मुख्यमंत्री कर रहे हैं उससे लगता है कि वह अपनी खीज या भड़ास मिटाने के लिये ये सब कर रहे हैं।
महेंद्र धर्माणी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जो राजनीतिक स्थिति पैदा हुई है, जिस कारण मुख्यमंत्री परेशान लग रहे हैं वह उनके द्वारा पिछले डेढ़ साल का लेखा-जोखा है। उन्होंने कहा कि पिछले डेढ़ वर्ष में 20 हजार करोड़ रुपए का कर्ज लेने के बाद भी आर्थिक कुप्रबंधन के कारण प्रदेश में विकास कार्य ठप पड़े हैं। सरकार औऱ कांग्रेस के नेता व विधायक मुख्यमंत्री की कार्यप्रणाली से परेशान होकर तरह-तरह के आरोप लगा रहे हैं। इस कारण प्रदेश में राजनीतिक अस्थिरता का वातावरण बना हुआ है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एक बार पुनः जनता को झूठे वायदे करके गुमराह कर रहे हैं।
धर्माणी ने कहा कि आज प्रदेश में महिला उत्पीड़न, बलात्कार और हत्याओं के मामले जिस प्रकार से घटित हो रहे हैं, वह सरकार की कार्यप्रणाली और कुप्रबंधन को प्रदर्षित करते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अपने 15 माह के उपलब्धियों का ब्यौरा जनता को न देकर गाली गलौच और अभद्र भाषा का प्रयोग कर तथा झूठ बोलकर जनता को गुमराह कर रहे हैं, लेकिन प्रदेश की जागरूक और समझदार जनता प्रदेश के मुख्यमंत्री के इस झूठ और गाली गलौच का जबाव लोकसभा और विधानसभा चुनाव में देकर उनको आईना दिखएगी।
